Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जयपुर नगर निगम चुनाव: नक्शा कुछ, लिस्ट कुछ और! अफसरों की लापरवाही से उलझे सैकड़ों मतदाता

जयपुर नगर निगम चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ी पर बवाल. भट्टा बस्ती के C और D ब्लॉक के वोटरों को गलत वार्ड 147 में जोड़ा गया. लोगों ने शिकायत कर दी वोट बहिष्कार की चेतावनी.

Jaipur Municipal Election 2026 Fault In Voter List Protests In Bhatta Basti Bharat Expres

निकाय चुनाव से ठीक पहले जयपुर नगर निगम की मतदाता सूची-2026 को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. शहर के भट्टा बस्ती इलाके के C और D ब्लॉक के सैकड़ों मतदाताओं के नाम गलत वार्ड में जोड़ने का मामला सामने आया है. प्रशासनिक अनदेखी से नाराज स्थानीय लोगों ने इसे परिसीमन के नियमों का उल्लंघन बताया है और सीधे जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई है.

मतदाताओं को जबरन दूसरे वार्ड में डाला

स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्वाचन आयोग के आधिकारिक नक्शे और परिसीमन रिकॉर्ड के मुताबिक, संजय नगर के C ब्लॉक के कुछ हिस्से और पूरा D ब्लॉक वार्ड संख्या 146 के अंतर्गत आता है. यह इलाका चारों तरफ से इसी वार्ड की सीमाओं से घिरा है और वार्ड 147 की सीमा इससे कहीं भी टच नहीं होती.

इसके बावजूद नगर निगम की नई वोटर लिस्ट की भाग संख्या 18 में इन मतदाताओं को जबरन वार्ड 147 में दर्ज कर दिया गया है.

‘गलती नहीं सुधरी तो नहीं करेंगे मतदान’

स्थानीय निवासी युनुस चोपदार ने आरोप लगाया कि यह सामान्य लिपिकीय त्रुटि नहीं है, बल्कि परिसीमन और वोटर लिस्ट का सीधा उल्लंघन है. लोगों का कहना है कि अगर वार्ड गलत रहा, तो भविष्य में उनके इलाके के विकास कार्य रुक जाएंगे और सफाई-सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए पार्षदों के बीच खींचतान बनी रहेगी.

निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जिला निर्वाचन प्रशासन ने चुनाव से पहले इस विसंगति को दूर कर मतदाताओं को वापस वार्ड 146 में शामिल नहीं किया, तो पूरा इलाका आगामी नगर निगम चुनाव में मतदान का पूर्ण बहिष्कार करेगा.

प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

चुनावी सरगर्मियों के बीच हुई इस बड़ी चूक ने निर्वाचन विभाग की तैयारियों और वोटर लिस्ट सत्यापन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन समय रहते लिस्ट में सुधार करता है या फिर नाराज जनता चुनाव का बहिष्कार करती है.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में एक बार फिर ‘ऑपरेशन टाइगर’? 6 MLA के बाद अब उद्धव ठाकरे को 14 का झटका

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital