राजस्थान की राजधानी जयपुर से ईमानदारी की एक दिल जीत लेने वाली खबर सामने आई है. यहाँ श्यामनगर थाने में तैनात कांस्टेबल मुखराम ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से पुलिस विभाग का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है. गश्त के दौरान उन्हें सड़क पर एक लावारिस पर्स मिला, जिसमें लाखों रुपये के जेवर रखे हुए थे.
30 लाख के गहने और नकदी सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, केटवा नगर की रहने वाली एक महिला अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में जा रही थीं. ऑटो में सफर के दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया. इस पर्स में करीब 30 लाख रुपये की कीमत के सोने के आभूषण और 10,600 रुपये नकद थे. कांस्टेबल मुखराम को जैसे ही यह पर्स मिला, उन्होंने बिना देर किए इसे सुरक्षित थाने में जमा कराया.
ऐसे मिला पर्स का असली मालिक
पर्स मिलने के कुछ देर बाद, उसमें रखे मोबाइल पर एक कॉल आई. कांस्टेबल ने फोन उठाया और पूरी बात बताई. इसके बाद महिला थाने पहुँचीं. पुलिस ने पूरी जांच-पड़ताल और सामान का मिलान करने के बाद, गहनों से भरा वह पर्स सुरक्षित महिला को सौंप दिया. अपना कीमती सामान वापस पाकर महिला की आँखों में खुशी के आँसू आ गए और उन्होंने पुलिस का तहे दिल से आभार व्यक्त किया.
चहुंओर हो रही कांस्टेबल की सराहना
कांस्टेबल मुखराम (बेल्ट नंबर 9081) के इस नेक काम के लिए उच्च अधिकारियों ने उनकी जमकर तारीफ की है. यह घटना समाज में यह संदेश देती है कि आज भी ईमानदारी जिंदा है और पुलिस जनता की सच्ची मददगार है.
यह भी पढ़िए: शाबाश थानेदार साहब! गरीबी में जी रही विधवा की बेटी के ‘धर्मपिता’ बने ये पुलिस अधिकारी, पूरा खर्च उठाकर कराई शादी
- Edit & Published By Vijay Ram.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




