Bharat Express DD Free Dish

जमुई में पुलिस कप्तान की फिल्मी रेड: हेलमेट पहनकर बाइक से पहुंचे SP, 8 बालू माफिया गिरफ्तार और 9 ट्रैक्टर जब्त

जमुई में अवैध बालू कारोबारियों के खिलाफ एसपी विश्वजीत दयाल ने खुद मैदान में उतरकर बड़ी कार्रवाई की है. हेलमेट पहनकर बाइक से घाट पर पहुंचे एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ रेड कर कई गाड़ियां और मोबाइल बरामद किए हैं.

Jamui News

पुलिस कप्तान की फिल्मी रेड

Jamui News: बिहार के जमुई जिले में अवैध बालू कारोबारियों की अब खैर नहीं है. जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध खनन के खेल पर नकेल कसने के लिए खुद पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल एक्शन मोड में आ गए हैं. शनिवार को जमुई एसपी ने किसी फिल्मी अंदाज में पूरी प्लानिंग के साथ मंझवे बालू घाट पर अचानक छापेमारी कर दी. इस कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि एसपी साहब खुद हेलमेट पहनकर और बाइक पर सवार होकर अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए सीधे घाट पर जा धमके, जिससे अवैध धंधा करने वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई.

अचानक हुई घेराबंदी से मचा हड़कंप

शनिवार को एसपी विश्वजीत दयाल को मंझवे बालू घाट पर अवैध खनन और परिवहन की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी. बिना देर किए उन्होंने बड़ी संख्या में पुलिस बल को साथ लिया और खुद आगे बढ़कर घाट की चारों तरफ से अचूक घेराबंदी कर दी. पुलिस को अचानक अपने बीच इस तरह देखकर बालू घाट पर अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने और गाड़ियां बचाने के लिए कई ट्रैक्टर चालक इधर-उधर भागने लगे.

भागदौड़ के इस माहौल में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 9 अवैध बालू लदे ट्रैक्टर और 7 बाइकें अपने कब्जे में ले लीं. हालांकि कुछ चालक तेज रफ्तार का फायदा उठाकर भागने में कामयाब जरूर रहे, लेकिन भागने की हड़बड़ी में 2 ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त भी हो गए. इसके अलावा पुलिस ने मौके से करीब एक दर्जन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिससे इन माफियाओं के अन्य नेटवर्क का भी खुलासा होने की उम्मीद है.

अब संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर

इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध खनन के खेल में शामिल 8 लोगों को मौके से दबोच लिया. पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि फरार हुए ट्रैक्टरों और वाहन मालिकों की पहचान की जा रही है.

इस सफल रेड के बाद एसपी विश्वजीत दयाल ने बालू माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कर दिया है कि अब सिर्फ गाड़ियां या ट्रैक्टर ही जब्त नहीं होंगे, बल्कि अवैध बालू के इस काले कारोबार से कमाई गई माफियाओं की संपत्तियों को भी कानूनी शिकंजे में लेकर जब्त किया जाएगा. एसपी की इस सख्त और बेबाक कार्रवाई से पूरे इलाके के बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, और पुलिस का साफ कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती से जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें- शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार: नवादा में 8वीं की छात्राओं ने मनचले हेडमास्टर को कमरे में किया बंद; करता था गलत काम

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read