देवेंद्र फडणवीस. (फाइल फोटो)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर वर्षों से लंबित पड़े अनुकंपा मामलों का निपटारा अब अंतिम चरण में पहुँच चुका है. इसी क्रम में आगामी 4 अक्टूबर को 5187 अनुकंपा उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे. इसी अवसर पर 5122 उम्मीदवारों को एमपीएससी द्वारा चयनित पदों के नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे. इस तरह एक ही दिन में कुल 10,309 उम्मीदवार सरकारी सेवा में शामिल होंगे. यह राज्य के इतिहास का एक अनोखा कार्यक्रम माना जा रहा है.
सरकारी सेवा में कार्यरत किसी कर्मचारी का निधन हो जाने पर उसकी पत्नी अथवा संतान को नौकरी दी जाती है. लेकिन कई बार तकनीकी कारणों और प्रशासनिक विलंब के चलते ये नियुक्तियाँ अटक जाती थीं, जिससे उम्मीदवारों को वर्षों तक इंतज़ार करना पड़ता था. इस संवेदनशील मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विशेष ध्यान दिया. उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देश दिए और लगातार बैठकों में इसकी समीक्षा की. इसके परिणामस्वरूप नया अनुकंपा नीति तैयार किया गया. अब प्रतिक्षा सूची में शामिल 5187 उम्मीदवारों को एक साथ नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिससे लंबित मामलों का बड़ा हिस्सा समाप्त हो जाएगा.
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की उपस्थिति
मुख्य कार्यक्रम मुंबई में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार उपस्थित रहेंगे. वहीं, पालकमंत्री अपने-अपने जिलों में नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. यह मुख्यमंत्री द्वारा 100 दिन और फिर 150 दिन के प्रशासनिक सुधार कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.
इसके साथ ही, एमपीएससी द्वारा आयोजित लिपिक-टंकलेखक वर्ग की परीक्षा पास करने वाले 5122 उम्मीदवारों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. कुल 10,309 उम्मीदवारों में से सबसे अधिक 3078 उम्मीदवार कोकण विभाग से हैं, 2597 विदर्भ से, 1674 पुणे विभाग से, 1250 नाशिक विभाग से और 1710 मराठवाड़ा से हैं.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




