प्रदीप कुमार शुक्ला, मैहर
Maihar Youth Suicide: मैहर जिले की अमरपाटन तहसील में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. अनंतराम पटेल नामक युवक ने पुलिस प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से पहले उसने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इसमें उसने चार लोगों पर पांच लाख रुपये वसूलने और झूठे केस में फंसाने के लिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया.
पुलिस पर गंभीर आरोप
सुसाइड नोट में मृतक ने अमरपाटन थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाया है. उसने नोट में उस पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर भी लिखा है. इस खुलासे ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.
परिजनों का हंगामा
अनंतराम का शव सड़क किनारे एक कदम के पेड़ से लटका मिला. परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे देर रात थाने ले गई थी और सुबह उसकी लाश मिली. इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया और पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया. मौके पर तनाव का माहौल बन गया.
मामले की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए. अधिकारियों ने परिजनों को शांत करने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच होगी.
ये भी पढ़ें-औंधे मुंह गिरे बृजभूषण शरण सिंह, उठे, मुस्कुराए और…; वीडियो हो गया वायरल
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है लेकिन प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है. फिलहाल जांच जारी है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


