EPFO News: केंद्र ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (PF) जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है. यह ब्याज दर पिछले वित्त वर्ष के समान ही रखी गई है.
फरवरी में, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर को 8.25 प्रतिशत पर बरकरार रखने की घोषणा की थी.
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी ने लिया यह निर्णय
राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक में EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी ने यह निर्णय लिया. वित्त मंत्रालय ने अब वित्त वर्ष 2025 के लिए कर्मचारियों के PF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है.
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह श्रम मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना भी सेवानिवृत्ति निधि निकाय को भेजी गई है. 2024-25 के लिए EPF पर ब्याज दर EPFO सदस्यों के खातों में जमा की जाएगी.
7 करोड़ सदस्यों के लिए PPF पर ब्याज दर बढ़ी
EPFO ने इससे पहले अपने 7 करोड़ सदस्यों के लिए PPF पर ब्याज दर को 2022-23 में 8.15 प्रतिशत से बढ़ाकर 2023-24 के लिए 8.25 प्रतिशत कर दिया था.
इस बीच, EPFO ने मार्च में 14.58 लाख नेट मेंबर जोड़े और मार्च 2024 की तुलना में नेट पेरोल एडिशन में 1.15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की
PF संगठन ने मार्च 2025 में लगभग 7.54 लाख नए ग्राहक नामांकित किए, जो फरवरी की तुलना में 2.03 प्रतिशत की वृद्धि और मार्च 2024 की तुलना में सालाना आधार पर 0.98 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है.
इन्हें दिया जा सकता है नए ग्राहकों की वृद्धि का श्रेय
श्रम मंत्रालय के अनुसार, नए ग्राहकों की वृद्धि का श्रेय बढ़ते रोजगार अवसरों, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और EPFO के सफल आउटरीच कार्यक्रमों को दिया जा सकता है.
आंकड़ों का एक महत्वपूर्ण पहलू 18-25 आयु वर्ग का प्रभुत्व है, क्योंकि 18-25 आयु वर्ग में 4.45 लाख नए ग्राहक जोड़े गए, जो मार्च 2025 में जोड़े गए कुल नए ग्राहकों का 58.94 प्रतिशत है.
इसके अलावा, मार्च में 18-25 आयु वर्ग के लिए नेट पेरोल एडिशन लगभग 6.68 लाख था, जो मार्च 2024 में पिछले वर्ष की तुलना में 6.49 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है.
यह भी पढ़िए: सभी टेंशन खत्म, अब ATM से निकल सकेंगे PF का पैसा! हो रहा है बड़े बदलाव की तैयारी
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




