Bharat Express DD Free Dish

मुजफ्फरपुर शूटआउट: साइकिल सवारों को घेरा और दाग दीं 5 गोलियां, पूर्व मंत्री ने दी चेतावनी

Muzaffarpur Firing News: मुजफ्फरपुर के कांटी में अपराधियों ने दो राहगीरों को 5 गोलियां मारी है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस बीच विधायक ने आंदोलन की चेतावनी दी है. जानिए क्या है पूरा मामला?

Muzaffarpur Firing News

Muzaffarpur Firing News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है. कांटी थाना क्षेत्र के कपरपुरा रेलवे गुमटी के समीप वारमतपुर लीची गाछी के पास शनिवार की रात अपराधियों ने दो साइकिल सवार युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

काम से लौट रहे थे घर, रास्ते में बरसीं गोलियां (Muzaffarpur Kanti Shootout)

घायलों की पहचान सिरसिया निवासी राजकिशोर भगत उर्फ लालू (40) और शाहबाजपुर निवासी अनिल पटेल (45) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शहर से अपना काम निपटाकर साइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. एक युवक के सीने और पेट में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि दूसरे को दो गोलियां लगी हैं. घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.

लूटपाट या पहचान उजागर होने का डर?

स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि अपराधियों ने पहले लूटपाट की कोशिश की होगी. आशंका जताई जा रही है कि युवकों ने बदमाशों को पहचान लिया होगा, जिसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उन्हें गोलियों से भून दिया गया. रेलवे गुमटी बंद होने के कारण यह रास्ता काफी सुनसान रहता है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं.

विधायक की चेतावनी

घटना की सूचना मिलते ही कांटी के जदयू विधायक व पूर्व मंत्री अजीत कुमार अस्पताल पहुँचे और घायलों का हालचाल लिया. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कपरपुरा गुमटी के पास अपराधी लगातार सक्रिय हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: बेटे को जबरन जंग में भेजने पर इजरायली महिला से हुई बदसलूकी? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच

पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी (DSP West Muzaffarpur) और ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने अस्पताल पहुँचकर परिजनों से पूछताछ की है. कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हमला लूट के विरोध में किया गया या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी. फिलहाल अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read