Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

‘मुझे तो 25 लाख दो…! नागपुर के स्कूल में मासूम की संदिग्ध मौत, मुआवजे की मांग पर अड़ी मां

नागपुर के जरीपटका स्थित एक स्कूल में तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है, जबकि परिवार ने ₹25 लाख मुआवजे की मांग की है.

रिपोर्ट-अभिषेक


Nagpur School Death Chaos: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के जरीपटका इलाके में स्थित राजकुमार केवत रमानी स्कूल से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. दरअसल स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले महज 8 साल के मासूम छात्र हनीश कटारे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

बता दें कि इस दुखद घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा बुरी तरह फूट पड़ा. गुस्साए लोगों और परिजनों ने स्कूल परिसर के बाहर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की, प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की पुरजोर मांग की. वहीं, अपने कलेजे के टुकड़े को खो चुकी पीड़ित मां ने स्कूल प्रशासन से ₹25 लाख के मुआवजे की सख्त मांग रखी है.

स्कूल में ब्रेक के दौरान अचानक गिरा मासूम(Nagpur School Death)

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा दोपहर करीब 2:10 बजे के आसपास हुआ. स्कूल में हाफ-टाइम यानी ब्रेक चल रहा था, तभी 8 वर्षीय हनीश कटारे अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन आनन-फानन में मासूम को नजदीकी अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं.

वहीं मासूम छात्र की अचानक और रहस्यमयी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है, जिसने परिजनों के मन में गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जरीपटका पुलिस

मामले की संवेदनशीलता और इलाके में बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए जरीपटका थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया है. पुलिस अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटना के वक्त स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी जांच से यह साफ हो सकेगा कि ब्रेक के दौरान बच्चे के साथ क्या हुआ था.

घटना को लेकर जरीपटका पुलिस का साफ तौर पर कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी साक्ष्यों के आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: ‘पेपर लीक के गुनहगारों को बख्शेंगे नहीं…’, पीएम मोदी का देश के नाम बड़ा संदेश, बनेगा नया कानून?

‘इंसाफ मिले और जिम्मेदार न बख्शे जाएं’

मासूम हनीश की मौत की खबर फैलते ही पूरे जरीपटका क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है. स्कूल के बाहर जमा भीड़ और परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का स्पष्ट कहना है कि जब तक पूरे मामले की सच सामने नहीं आ जाती और दोषियों पर कड़ा एक्शन नहीं लिया जाता, वे पीछे नहीं हटेंगे.

पीड़ित मां ने ₹25 लाख रुपये के आर्थिक मुआवजे के साथ-साथ सख्त इंसाफ की मांग की है. फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और सभी की निगाहें पुलिस की फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital