Pali Beawar News: पाली-ब्यावर जिले के रायपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है, जिसे सुनकर किसी भी संवेदनशील व्यक्ति का कलेजा कांप जाए. पिपलिया गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक ऐसी वारदात हुई है, जिसने न केवल बेजुबान जानवरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर समाज में इतनी नफरत और क्रूरता कहां से आ रही है.
जब आग का गोला बनकर भागा बेजुबान
वाकया पिपलिया गांव का है, जहां एक सांड को कुछ असामाजिक तत्वों ने अपनी हैवानियत का निशाना बनाया. मिली जानकारी के अनुसार, शरारती तत्वों ने बेजुबान सांड पर पेट्रोल छिड़का और फिर उसे आग के हवाले कर दिया. आग लगते ही सांड दर्द से बिलख उठा और अपनी जान बचाने के लिए गांव की गलियों में इधर-उधर भागने लगा. वह मंजर बेहद खौफनाक था, एक जिंदा जानवर आग की लपटों से घिरा हुआ मदद के लिए तड़प रहा था. यह पूरी रूह कंपा देने वाली घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें- दतिया में इलाज के बदले जलालत! ड्रिप लगे मरीज को धक्के मारकर निकाला, फर्श पर तड़पी महिला
ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान
जैसे ही गांव वालों ने सांड को इस हाल में देखा, इलाके में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गोरक्षा सेवा समिति को फोन किया. सूचना मिलते ही समिति के सेवादार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सांड के शरीर पर लगी आग को बुझाया. इसके बाद झुलसे हुए जानवर को तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय ले जाया गया. फिलहाल डॉक्टर्स की टीम सांड का इलाज कर रही है, लेकिन उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
पुलिस की कार्रवाई
इस घटना को लेकर रायपुर इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक मासूम जीव की हत्या की कोशिश है. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस भी एक्शन मोड में है. रायपुर थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है. पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

