Patiala Railway Blast: पंजाब के पटियाला जिले में राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की लाइन पर सोमवार देर रात जोरदार धमाका हुआ. आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.
मौके पर पहुंची सुरक्षा एजेंसियां
धमाके की खबर मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची. पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीर मानते हुए अलर्ट पर हैं.
साजिश की जांच
अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर धमाके को किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. खुफिया विभाग भी जांच में जुटा है कि कहीं इसके पीछे आतंकी हाथ तो नहीं. हाल ही में चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर भी धमाका हुआ था, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क हैं.
गुरदासपुर में संदिग्ध वस्तु
इसी बीच गुरदासपुर में गीता मंदिर रोड पर सोमवार शाम एक संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार कुछ लोग दुकान के बाहर कोई चीज फेंककर भाग गए. पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी है. एसपी डीके चौधरी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि वह वस्तु विस्फोटक है या नहीं.
फतेहगढ़ साहिब की पुरानी घटना
कुछ महीने पहले फतेहगढ़ साहिब जिले में भी मालगाड़ी लाइन पर धमाका हुआ था. उस घटना में रेलवे ट्रैक का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और मालगाड़ी का इंजन भी प्रभावित हुआ था. उस समय लोको पायलट घायल हुआ था.
ये भी पढ़ें-28 अप्रैल का मौसम: 13 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, 80 किमी/घंटा तक चलेंगी तेज हवाएं; IMD अपडेट
पटियाला धमाके के बाद से पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने लोगों में डर का माहौल बना दिया है. जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर नजर रख रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

