Bharat Express DD Free Dish

पीएम किसान सम्मान निधि योजना बनी किसानों के लिए वरदान, नासिक के अन्नदाताओं ने की सराहना

केंद्र सरकार किसानों के हितों के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है. इसी में एक योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि है, जिसकी सराहना करते हुए लाभार्थियों ने कहा कि यह अन्‍नदाताओं के लिए बहुत लाभदायक है.

महाराष्ट्र के नासिक जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए खेती के जरूरी खर्च पूरे करने में मददगार साबित हो रही है. येवला तालुका के कई किसानों का कहना है कि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता खासकर बुवाई के समय काफी काम आती है. इस पैसे से किसान बीज, कीटनाशक और खेती में इस्तेमाल होने वाली दूसरी जरूरी चीजें खरीद पा रहे हैं.

किसानों के मुताबिक, पहले बुवाई का मौसम आते ही पैसों की चिंता बढ़ जाती थी. बीज और खेती का सामान खरीदने के लिए कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था. ऐसे में बैंक खाते में सीधे आने वाली पीएम किसान की रकम उन्हें तत्काल राहत देती है.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम तीन किस्तों में, यानी हर चार महीने में 2 हजार रुपये के हिसाब से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंचती है.

येवला तालुका के किसानों का कहना है कि रकम भले ही बहुत बड़ी न हो, लेकिन खेती के समय इसकी उपयोगिता काफी ज्यादा है. खासकर छोटे और सीमित संसाधनों वाले किसानों के लिए यह पैसा उस वक्त मदद करता है, जब खेत तैयार करने और फसल बोने पर अचानक कई तरह के खर्च सामने आ जाते हैं.

कर्ज की जरूरत कुछ कम हुई

लाभार्थी किसान दिपक कोटमे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पीएम किसान योजना से मिलने वाले 6 हजार रुपये खेती के काम में काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं. उनके अनुसार, किसान इस रकम से बीज और पेस्टीसाइड जैसी जरूरी चीजें खरीद लेते हैं. पहले इन्हीं खर्चों के लिए कर्ज या उधार का सहारा लेना पड़ता था.

कोटमे ने यह भी कहा कि पैसा सीधे बैंक खाते में डीबीटी के जरिए आने से प्रक्रिया आसान और पारदर्शी रहती है. उनके मुताबिक, किसानों को इसका लाभ फसल बीमा जैसी दूसरी सुविधाओं के साथ भी मिल रहा है.

घर और खेत, दोनों जगह काम आ रही रकम

सायगांव के किसान हारून दगूभाई शेख भी इस योजना के लाभार्थी हैं. उन्होंने बताया कि हर चार महीने में मिलने वाले 2 हजार रुपये का इस्तेमाल वह खेती से जुड़े जरूरी सामान खरीदने के साथ-साथ घर के खर्च में भी करते हैं.

शेख के मुताबिक, पहले आर्थिक दिक्कतों के कारण खेती का खर्च संभालना मुश्किल होता था. पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सहायता से रोजमर्रा की जरूरतों और खेती के कुछ खर्चों को पूरा करने में राहत मिल रही है.

ये भी पढ़ें-लालू परिवार की बढ़ी मुश्किलें, IRCTC घोटाला केस में कोर्ट ने तय किए आरोप; 3 अक्टूबर को अगली सुनवाई

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read