Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

घरों में उत्सव की तरह मनाएं ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’; पीएम मोदी ने देशवासियों से की अपील

स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की है.

pm modi

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर में तिरंगे के साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम की तरह नहीं, बल्कि पूरे देश के उत्सव के रूप में मनाया जाए. उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद करने का आह्वान किया है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को हर घर का उत्सव बनाया जाना चाहिए. उन्होंने देशवासियों से 15 अगस्त को पूरे गौरव और सम्मान के साथ मनाने, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की.

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं.

संसद परिसर में भी दिखा देशभक्ति का रंग

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से साझा किए गए वीडियो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता तिरंगा लहराते नजर आए. इससे पहले मंगलवार को संसद पुस्तकालय में आयोजित एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक में भी राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी समेत कई सांसदों के हाथों में तिरंगा दिखाई दिया.

इस मौके पर ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष ने माहौल को और खास बना दिया. नेताओं ने तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया.

सीएम रेखा गुप्ता ने भी लोगों से की अपील

प्रधानमंत्री की अपील के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीरों को याद करना और उन्हें श्रद्धांजलि देना हर भारतीय की जिम्मेदारी है.

उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इस अभियान को हर गली-मोहल्ले तक पहुंचाने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन अनगिनत बलिदानों को याद करने का अवसर है, जिनकी वजह से देश आजाद हुआ.

9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि घर पर तिरंगा फहराकर लोग देश के प्रति अपने सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना व्यक्त कर सकते हैं.

इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्षों का भी उल्लेख किया गया. प्रधानमंत्री ने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों को याद करने का संदेश दिया.

उत्तराखंड के सीएम ने बताया गौरवपूर्ण क्षण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संसद परिसर में हुए इस आयोजन का जिक्र करते हुए इसे राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा यादगार क्षण बताया. उन्होंने कहा कि एनडीए के वरिष्ठ नेताओं का एक साथ तिरंगा लहराना और ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष करना देशवासियों में गर्व और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है.

भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने भी इस आयोजन की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष देश के प्रति एकजुटता और सेवा की भावना को दर्शाता है. उन्होंने इसे बेहद गौरवपूर्ण क्षण बताया.

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के तौर पर हुई थी. इसके तहत स्वतंत्रता दिवस के आसपास देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. बाइक रैलियों से लेकर तिरंगा यात्राओं तक, लोग अलग-अलग तरीकों से इस अभियान में हिस्सा लेते हैं.

ये भी पढ़ें: सीएम शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बची जान; देखें वीडियो

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital