फ्रांस के एवियन में जी-7 (G-7) शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में भारत का दमदार पक्ष रखने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार सुबह पेरिस पहुंच गए हैं. पेरिस हवाई अड्डे और उनके होटल के बाहर जुटे भारतीय समुदाय के लोगों ने ढोल-नगाड़ों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ पीएम मोदी का शानदार और गर्मजोशी से स्वागत किया.
प्रवासियों के इस शानदार स्वागत से गदगद प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फ्रांस को एक-दूसरे के करीब लाने में हमारे प्रवासियों ने जो प्रयास किए हैं, उस पर पूरे देश को गर्व है. उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों की यह ऐतिहासिक साझेदारी वैश्विक तरक्की के लिए बेहद जरूरी है.
सोशल मीडिया पर साझा कीं भावुक तस्वीरें
पेरिस पहुंचने के तुरंत बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारतीय प्रवासियों के साथ अपनी कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में वे बच्चों से प्यार करते और बुजुर्गों का अभिवादन स्वीकार करते दिख रहे हैं.
Reached Paris a short while ago to a warm welcome by the Indian diaspora. I am proud of their efforts in bringing India and France closer. The India-France partnership is vital for the progress of our planet. pic.twitter.com/TGX8Aw5RIw
— Narendra Modi (@narendramodi) June 17, 2026
पीएम ने लिखा, ‘कुछ ही देर पहले पेरिस पहुंचा हूं. भारत-फ्रांस की साझेदारी को मजबूत करने में हमारे लोगों का योगदान अतुलनीय है.
जी-7 की बैठकों को बताया बेहद सफल
इससे पहले, जी-7 समिट के अनुभवों को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि एवियन में वैश्विक कूटनीति और नीति-निर्माण के प्रमुख मुद्दों पर भारत के विचारों को रखने का बेहतरीन मौका मिला. उन्होंने खासकर ‘ग्लोबल साउथ’ (विकासशील देशों) के हक और उनकी समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की जरूरत पर बल दिया.
पेरिस दौरे का अगला मिशन: ‘वीवा टेक 2026’
पीएम मोदी के इस फ्रांस दौरे का आखिरी चरण बेहद अहम होने वाला है. पेरिस में वे यूरोप के सबसे बड़े डिजिटल और स्टार्टअप इवेंट ‘वीवा टेक 2026’ (VivaTech) को संबोधित करेंगे, जहां भारत की बढ़ती डिजिटल ताकत और मजबूत इनोवेशन इकोसिस्टम की झलक दुनिया के सामने आएगी. इसके अलावा वे एक बड़े कम्युनिटी प्रोग्राम में भारतीय प्रवासियों से सीधा संवाद भी करेंगे. रक्षा और अंतरिक्ष के बाद अब दोनों देश टेक्नोलॉजी के मोर्चे पर भी इतिहास रचने को तैयार हैं.
ये भी पढ़ें: अगले 3 दिन दिल्ली-NCR रहेगा ‘कूल-कूल’, तो यूपी के 26 जिलों में भीषण लू का टॉर्चर, जानें मानसून की एंट्री कब
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

