दिल्ली-NCR के लिए आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वो घड़ी आ गई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के जेवर में बने ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का भव्य उद्घाटन करेंगे. ये न केवल यूपी बल्कि पूरे देश के विमानन क्षेत्र (Aviation Sector) के लिए एक मील का पत्थर साबित होने वाला है. पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी शानदार तस्वीरें साझा करते हुए इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए एक ‘बड़ा बूस्ट’ बताया है.
PM Modi का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह करीब 11:30 बजे गौतम बुद्ध नगर के जेवर पहुंचेंगे. सबसे पहले वे नवनिर्मित टर्मिनल भवन का बारीकी से निरीक्षण करेंगे और वहां की सुविधाओं का जायजा लेंगे. इसके बाद दोपहर के वक्त औपचारिक तौर पर एयरपोर्ट का शुभारंभ होगा. उद्घाटन के बाद पीएम मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वे इस प्रोजेक्ट के महत्व और आने वाले समय में इसके विस्तार की रूपरेखा देश के सामने रखेंगे.
छावनी में तब्दील हुआ जेवर
इतने बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं. पूरे जेवर और हवाई अड्डा परिसर को कई सुरक्षा जोन में बांटा गया है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है. कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है ताकि परिंदा भी पर न मार सके. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कम से कम परेशानी हो.
ट्रैफिक अलर्ट
अगर आप आज यमुना एक्सप्रेसवे या नोएडा एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले हैं, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है. शनिवार सुबह 7 बजे से अगले 16 घंटों तक इन दोनों एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों (मालवाहक गाड़ियों) की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. इन वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा रहा है.
वहीं, प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें और बहुत जरूरी न हो तो प्रतिबंधित समय के दौरान इन रास्तों पर सफर करने से बचें. उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए भी अलग से गाइडलाइंस जारी की गई हैं ताकि वहां भगदड़ या अव्यवस्था जैसी स्थिति न बने.
ये भी पढ़ें: मोदी-ट्रंप की बातचीत से ईरान संकट में आएगी नरमी? एलन मस्क की मौजूदगी ने बढ़ाया सस्पेंस, व्हाइट हाउस ने दी प्रतिक्रिया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

