Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मोदी-ट्रंप की बातचीत से ईरान संकट में आएगी नरमी? एलन मस्क की मौजूदगी ने बढ़ाया सस्पेंस, व्हाइट हाउस ने दी प्रतिक्रिया

पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान संकट और होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा पर लंबी चर्चा की है. व्हाइट हाउस ने इस बातचीत की सराहना की है, वहीं एलन मस्क की भागीदारी को लेकर कयासों का बाजार गर्म है.

Modi Trump

दुनिया भर में जारी ईरान संकट और मिडिल ईस्ट के तनाव के बीच भारत और अमेरिका के रिश्तों की गर्माहट एक बार फिर चर्चा में है. व्हाइट हाउस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई ताजा बातचीत की जमकर सराहना की है. हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल चर्चा के साथ एक ऐसा सस्पेंस भी जुड़ गया है जिसने पूरी दुनिया के राजनयिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और वो नाम है दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क का.

PM Modi और ट्रंप के रिश्ते ‘खास’

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मीडिया से बात करते हुए साफ तौर पर कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी के बीच बहुत ही मजबूत और अच्छे संबंध हैं. उन्होंने इस बातचीत को ‘बेहद उपयोगी’ करार दिया. यह चर्चा ऐसे समय में हुई है जब ईरान के साथ जारी विवाद की वजह से पूरी दुनिया की नजरें तेल की सप्लाई और सुरक्षा पर टिकी हैं. भारत के लिहाज से यह बातचीत इसलिए भी अहम है क्योंकि खाड़ी देशों में शांति रहना हमारी अर्थव्यवस्था के लिए ऑक्सीजन जैसा है.

एलन मस्क की मौजूदगी पर बना सस्पेंस

वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार एक दावा ये भी किया गया कि मोदी और ट्रंप की इस कॉल में एलन मस्क भी शामिल थे. हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस पर चुप्पी साध ली है. उन्होंने न तो इस खबर की पुष्टि की और न ही इससे इनकार किया.

रिपोर्ट्स की मानें तो मस्क की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि ट्रंप और उनके बीच की कड़वाहट अब खत्म हो गई है. पिछले साल जब मस्क ने सरकारी पद छोड़ा था, तब दोनों के बीच काफी खटास आ गई थी. लेकिन अब मस्क का एक राष्ट्राध्यक्ष के साथ आधिकारिक बातचीत में जुड़ना यह बताता है कि अमेरिकी सत्ता के गलियारों में उनकी पकड़ कितनी मजबूत हो गई है.

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर PM Modi

बातचीत का मुख्य केंद्र ‘होर्मुज स्ट्रेट’ (Hormuz Strait) रहा. ये वही समुद्री रास्ता है जहां से दुनिया के तेल का एक बहुत बड़ा हिस्सा गुजरता है. ईरान ने जिस तरह की धमकियां दी हैं, उससे डर है कि अगर ये रास्ता बंद हुआ तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छूने लगेंगी. पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पर साफ कहा कि इस समुद्री मार्ग का सुरक्षित और सुचारु रहना पूरी दुनिया की भलाई के लिए जरूरी है. दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि शांति बनाए रखने के लिए वे लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहेंगे.

ये भी पढ़ें:‘यौन शोषण, वसूली और…’; अशोक खरात के खिलाफ शिकायतों का अंबार, 50 से ज्यादा फोन कॉल्स ने खोली पोल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital