Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

InvestMPGIS2023: हम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं, भारत में निवेश के लिए हर आवश्यक सुविधा- बोले पीएम मोदी

Global Investors Summit 2023: सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था. जब इंदौर के सुपर कॉरीडोर और सड़कों की चर्चा होती थी तो मैं अमेरिका से तुलना करता था. आज विश्व के अनेक देशों के प्रतिनिधि स्वच्छता सहित बुनियादी क्षेत्रों में हुए कार्य को देख रहे हैं.

InvestMPGIS2023
Edited by Nitish Pandey

InvestMPGIS2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर में सातवीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का वर्चुअल शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम में गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली और सुरीनाम के राष्ट्रपति श्री चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशिष्ठ रूप से शामिल हुए. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है. सभी पूरी गति से विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं. ऐसे में मध्यप्रदेश सामर्थ्य और संकल्प निर्णायक भूमिका निभाएगा.

उन्होंने कहा कि आस्था, अध्यात्म से लेकर पर्यटन तक और कृषि, शिक्षा से लेकर दक्षता संवर्धन तक मध्य प्रदेश अजब भी है, गजब भी है और सजग भी. विकसित भारत के निर्माण में मध्य प्रदेश की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हर भारतीय ही नहीं, दुनिया की हर संस्था, दुनिया का हर विशेषज्ञ भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था को वैश्विक अर्थव्यवस्था में चमकते सितारे की तरह देख रहा है. हमारे मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम हैं. उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. आगामी चार पांच वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी. यह वैश्विक पटल पर भारत का दशक नहीं, बल्कि भारत की शताब्दी है.

हम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज विश्व भर के निवेशकों के लिए भारत आकर्षण का केंद्र है. इसका कारण है उनका भारत में अदम्य विश्वास. भारत में सशक्त प्रजातंत्र है, युवा शक्ति है, राजनैतिक स्थिरता है, तेजी से निर्णय लेने की क्षमता है, ईज ऑफ लिविंग है, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस है. भारत रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म के मार्ग पर चल रहा है. भारत में विकास की अभूतपूर्व गति है. साल 2014 से हम तेज गति से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं.

भारत में निवेश के लिए हर आवश्यक सुविधा है- पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में निवेश के लिए हर आवश्यक सुविधा है, नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम है, श्रम कानूनों को सरल किया गया है, विभिन्न पाबंदी हटाई गई है, आधुनिक और मल्टी मॉडल अधोसंरचना है, दुनिया का सबसे प्रतिस्पर्धी लॉजिस्टिक मार्केट है, लॉजिस्टिक नीति लागू की गई है, गांव-गांव में ऑप्टिकल फाइबर है, 5G नेटवर्क है, बीते 8 वर्षों में हमारे राष्ट्रीय राजमार्गों की गति दोगुना हो गई है, ऑपरेशनल एयरपोर्ट्स की संख्या भी दोगुनी हो चुकी है, हमारे पास डेडीकेटेड इंडस्ट्रियल कॉरिडोर है, एक्सप्रेस वे हैं, लॉजिस्टिक पार्क हैं, हमारी पोर्ट क्षमता भी बढ़ी है.

सूरीनाम भारत के साथ विभिन्न क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग करेगा- चंद्रिका प्रसाद

सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से कार्य कर रहे है. अर्थव्यवस्था में सुधार के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में कार्य हो रहा है. भारत नेतृत्व कर रहा है. सूरीनाम भारत के साथ विभिन्न क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग करेगा.

इंदौर की स्वच्छता-सुंदरता का हुआ प्रत्यक्ष अनुभव- इरफान अली

गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली ने कहा कि वे मध्यप्रदेश आकर और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रसन्न हुए हैं. मध्यप्रदेश में सुशासन और अच्छी नीतियों के कारण विकास की गति बढ़ी है. इंदौर शहर की स्वच्छता और सुंदरता का उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव हुआ. इन विशेषताओं के कारण मध्यप्रदेश में अनेक उद्योग आ रहे हैं. गयाना भी औद्योगिक विकास में भागीदार बनेगा. राष्ट्रपति अली ने गयाना के क्रिकेट महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में उभरने का उल्लेख किया.

मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर हुई चर्चा- सीएम

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में हो रही यह समिट सही अर्थ में वैश्विक है. इस समिट में जहां दो देशों सूरीनाम और गयाना के राष्ट्रपति आये हैं, वही समिट में मारीशस के वित्त मंत्री, बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्री, जिंबॉब्वे के खनिज मंत्री भी आए हैं. विश्व के 33 देशों के प्रतिनिधि आए हैं. कुल 84 देशों के 431 डेलिगेट्स आए हैं. आज मध्यप्रदेश की विशेषताओं की विशेष चर्चा हुई है.

ये भी पढ़ें: Reliance Jio: उत्तराखंड के देहरादून में जियो ट्रू 5जी लॉन्च, CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा – छात्रों को मिलेगा लाभ

आदित्य बिरला ग्रुप के कुमार मंगलम ने कहा कि मध्यप्रदेश की भौगोलिक स्थिति प्रदेश को निवेश की दृष्टि से सभी रूप से उपयुक्त बनाती है. हमारे समूह के प्रदेश से ऐतिहासिक संबंध है. समूह का 60 हजार करोड़ का निवेश प्रदेश में है. औद्योगिक नीति तथा स्टार्टअप नीति भविष्य में निवेश की दृष्टि से उपयुक्त हैं.

रिलायंस ग्रुप के निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि दिसम्बर 2023 तक प्रदेश की सभी तहसीलों में 5जी की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी. किफायती डिजिटल सुविधाओं से छात्रों, किसानों और आम आदमी को लाभ होगा. रिलायंस ग्रुप राज्य में अब तक 22 हजार 500 करोड़ का निवेश कर चुका है तथा 40 हजार करोड़ के निवेश की योजना है.

अडानी ग्रुप के प्रणव अडानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईज ऑफ डूईंग बिजनेस में विभिन्न राज्यों में प्रतिस्पर्धी वातावरण निर्मित किया है. मध्यप्रदेश इसमें अग्रणी राज्यों में है. अडानी समूह 60 हजार करोड़ का निवेश करने जा रहा है.

गोदरेज समूह के नादिर गोदरेज ने मध्यप्रदेश में गोदरेज समूह की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी. फोर्स ग्रुप के फिरोदिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने आभार व्यक्त किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital