Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने WAVES समिट 2025 में लिया हिस्सा, भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में WAVES शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया, जहां उन्होंने भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था और सिनेमाई परंपरा की सराहना की.

PM Modi at WAVES Summit

PM Modi at WAVES Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुंबई में विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (WAVES) का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था और 140 करोड़ भारतीयों के कौशल की प्रशंसा की. WAVES शिखर सम्मेलन, जो 1 से 4 मई तक चलेगा, भारत की सिनेमाई परंपरा और रचनात्मक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है.

प्रधानमंत्री ने अपने उद्घाटन भाषण के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी भावनाएं साझा कीं. उन्होंने लिखा, “विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन एक उत्कृष्ट मंच है, जो इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत की प्रगति को उजागर करता है. यह शिखर सम्मेलन संस्कृति और रचनात्मकता को खूबसूरती से जोड़ता है. यह भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था और 140 करोड़ भारतीयों के कौशल का जश्न मनाता है. मुंबई में शिखर सम्मेलन में भाग लेकर मुझे खुशी हुई.”

उन्होंने महाराष्ट्र की भूमिका को भी रेखांकित किया और कहा, “जब सिनेमा और रचनात्मकता की बात आती है, तो महाराष्ट्र की महत्वपूर्ण भूमिका है. राज्य ने रचनात्मकता और सिनेमा की दुनिया से जुड़े लोगों की कई पीढ़ियों को पोषित किया है. महाराष्ट्र की सांस्कृतिक गहराई और कलात्मक ऊर्जा मनोरंजन क्षेत्र को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती रहती है. WAVES शिखर सम्मेलन के दौरान महाराष्ट्र पैवेलियन का दौरा किया.”

प्रधानमंत्री ने भारत पैवेलियन का भी उल्लेख किया, जो इस शिखर सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण है. उन्होंने लिखा, “WAVES में भारत पैवेलियन हमारी सिनेमाई परंपरा और देश में मौजूद अवसरों को प्रदर्शित करता है. मैं दुनिया से भारत आने और यहां मौजूद रचनात्मक अवसरों का पता लगाने का आह्वान करता हूं.” इस दौरान उन्होंने भारतीय सिनेमा के पांच दिग्गज हस्तियों पर स्मारक डाक टिकट भी जारी किए.

कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने मंच पर WAVES शिखर सम्मेलन से संबंधित प्रतीकात्मक सामग्री को प्रदर्शित किया. इस आयोजन में भारतीय सिनेमा और मनोरंजन उद्योग के प्रमुख चेहरों ने भी शिरकत की. बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने मंच से कहा, “वैश्विक दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन अर्थव्यवस्था हमारी कहानियों को न केवल कला के रूप में, बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक मूल्य की संपत्ति के रूप में देखती है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य दृष्टिकोण से प्रेरित है.”


ये भी पढ़ें- गुजरात-महाराष्ट्र स्थापना दिवस पर दिल्ली में बोले गृह मंत्री अमित शाह- देश के हर इंच से आतंकवाद को उखाड़ फेंकेंगे


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read