हमले में एएसआई की मौत.
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस टीम पर हमला हुआ है. शनिवार देर रात हुए इस हमले में एक एएसआई की मौत हो गई, जबकि कई अधिकारी घायल हो गए हैं.
विवाद सुलझाने गई थी पुलिस
मामला रमनगरी पंचायत के गड़रा गांव का है. जानकारी के अनुसार, गड़रा गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस विवाद के कारण एक युवक को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी. शनिवार को दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद इस विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला बोल दिया.
ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर बोला हमला
इस दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें एएसआई रामगोविंद गौतम की मौत हो गई है. इसके अलावा थाना प्रभारी शाहपुर संदीप भारती, तहसीलदार पानिका, एएसआई जवाहर सिंह यादव और बृहस्पति पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डीजीपी ने दी श्रद्धांजलि
डीजीपी एमपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी, “मऊगंज में कर्तव्य पालन के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण हिंसक घटना में एएसआई एसएएफ रामगोविन्द गौतम का आकस्मिक निधन हो गया. विनम्र श्रद्धांजलि ॐ शांति.”
रीवा के एसपी विवेक सिंह ने बताया कि मऊगंज के शाहपुर थाना में एक विवाद के बाद कुछ लोगों को बंधक बनाया गया था. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन पर पथराव कर दिया गया. इस घटना में एक एएसआई की मौत हो गई है. इसके अलावा एक एएसआई, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों को अस्पताल में इलाज चल रहा है. मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है.
घटना के चश्मदीद और तहसीलदार के ड्राइवर दिनेश गोस्वामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि एक विवाद के बाद ग्रामीणों ने किसी शख्स को बंधक बनाया था. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार पुलिस टीम के साथ मौके पर गए थे. इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने लाठी-डंडों से हमला किया. किसी तरह से हम जान बचाकर भागे हैं, लेकिन तहसीलदार की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- Bihar : पहले अररिया और अब मुंगेर में दारोगा की हत्या, विवाद सुलझाने के दौरान तेज धारदार हथियार से किया गया हमला
फिलहाल घटनास्थल पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. साथ ही इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


