Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Bihar: “नीतीश कुमार को अपने मंत्रियों के नाम तक याद नहीं रहते”, प्रशांत किशोर के इस दावे में कितनी सच्चाई? सियासी गलियारों में भी हो रही चर्चा

प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी है.

Prashant Kishore And CM Nitish Kumar

प्रशांत किशोर का सीएम नीतीश पर करारा हमला.

Prashant Kishore Statement on Nitish Kumar: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और जाने-माने रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया है कि सीएम को अपने मंत्रियों के नाम तक याद नहीं रहते हैं. नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और बिहार अब बदलाव देखना चाहता है, इसलिए लोग एक नई व्यवस्था, नई सरकार और नए चेहरों को देखना चाहते हैं.

प्रशांत किशोर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोग लंबे समय से लालू के डर से भाजपा को और भाजपा के डर से लालू यादव को वोट करते आ रहे हैं. बिहार के लोग अब इस दुविधा से बाहर निकलना चाहते हैं और इसके लिए जन सुराज पिछले ढाई सालों से काम कर रहा है, ताकि लोगों को एक बेहतर विकल्प मिल सके.

सीएम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं- PK

इस दौरान प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी है. पिछले दो सालों से उन्होंने कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा है. सबसे पहले उनके ही घटक दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने नवंबर 2023 में उनकी मानसिक स्थिति पर सवाल उठाया था. अब तो सभी दलों के लोग इस मुद्दे को उठाने लगे हैं. बीपीएससी के आंदोलन के दौरान उन्हें अधिकारियों से जानकारी मिली थी कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गए हैं.

“मंत्रियों के नाम याद नहीं रहते हैं नीतीश कुमार को”

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार शारीरिक रूप से थके हुए हैं और मानसिक रूप से अस्वस्थ हो गए हैं. उन्हें अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों का नाम तक याद नहीं रहता. ऐसे लोगों के भरोसे बिहार के 13 करोड़ लोगों की जिम्मेदारी छोड़ दी गई है. अब नीतीश कुमार को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए.

प्रशांत किशोर ने भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेताओं के जरिए नीतीश कुमार को सामने रखकर वोट की राजनीति कर रही है. भाजपा नीतीश कुमार को जनता के सामने रखकर उनके नाम पर वोट बटोर रही है और फिर बाद में उन्हें किनारे कर देगी, जिससे जनता के साथ धोखा होगा.

इसके अलावा, शराबबंदी के मुद्दे पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है. ऐसे में उन्होंने सुझाव दिया कि शराबबंदी को वापस ले लेना चाहिए. भाजपा के नेताओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर शराबबंदी की नीति सही है, तो क्यों अन्य राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश और दिल्ली में शराबबंदी लागू नहीं हो रही है? उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की नीयत सही है, तो पूरे देश में शराबबंदी कानून लागू होना चाहिए.

यह भी पढ़ें- Sushant Singh Rajput Case: CBI ने दाखिल की क्लोजर रिपोर्ट, जानें क्या बताई मौत की असल वजह

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि आगामी चुनाव में जन सुराज बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगा. इसके लिए उम्मीदवारों से आवेदन प्राप्त हो रहे हैं और पर्ची की जांच की जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital