Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में खूनी खेल, पहले धारदार हथियार से रेता गला; फिर भी नहीं भरा दिल तो युवक को दाग दीं 11 गोलियां

Pul Prahladpur murder case Delhi: दिल्ली के पुल प्रहलादपुर में बेखौफ बदमाशों ने 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद की गला रेतकर और 11 गोलियां मारकर नृशंस हत्या कर दी. वारदात में एक अन्य युवक घायल हुआ है, वहीं पुलिस ने मौके से कारतूस बरामद कर आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें तैनात की हैं.

Pul Prahladpur murder case Delhi

Pul Prahladpur murder case Delhi

Pul Prahladpur murder case Delhi: राजधानी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं. 27 और 28 जुलाई की दरमियानी रात एक 28 वर्षीय युवक की बेहद बर्बरता से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने पहले युवक का धारदार हथियार से गला रेता और जब इतने से भी उनका दिल नहीं भरा, तो उस पर एक के बाद एक 11 गोलियां दाग दीं. इस खौफनाक वारदात से पूरा इलाका दहल उठा है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

​आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका

​पुलिस के अनुसार, सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 12:41 बजे पुल प्रहलादपुर थाना पुलिस को इलाके में अंधाधुंध फायरिंग की पीसीआर कॉल मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम और जिले के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर दो लोग लहूलुहान हालत में पड़े मिले. पुलिस ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हमले में घायल दूसरे युवक, 27 वर्षीय मोहम्मद फारुख को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर ‘सौर क्रांति’: 8 अगस्त को रखी जाएगी 5 मेगावाट सोलर पार्क की नींव

​एक के बाद एक दागीं 11 गोलियां, दूसरा युवक भी चपेट में आया

​शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले इरशाद पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेता और फिर बेहद नृशंसता का परिचय देते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. इसी गोलीबारी के दौरान पास मौजूद मोहम्मद फारुख के बाएं हाथ में भी एक गोली लग गई. क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस को वारदात स्थल से 10 चले हुए कारतूस के खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.

आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस की कई टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं. ये टीमें इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ हर संभावित पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read