Bharat Express DD Free Dish

‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा…!’ राहुल गांधी का बड़ा दावा, बोले- मोदी खुद करवाएंगे इस्तीफा…

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को रोकने की मांग की है. राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए और पार्टी नेताओं से इस मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की बात कही.

Rahul Gandhi
Edited by Rohit Agrawal

Rahul Gandhi on Gyanesh Kumar: देश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी बवंडर खड़ा हो गया है. मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने अपने हमले और तीखे कर दिए हैं. मंगलवार को आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की हाई-प्रोफाइल बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ और कड़क शब्दों में कह दिया कि ‘ज्ञानेश कुमार को कुर्सी छोड़नी ही पड़ेगी.’

राहुल गांधी ने बैठक में सबसे बड़ा दावा ठोकते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा करवाएंगे और जब तक वे पद से नहीं हटते, कांग्रेस का आंदोलन थमेगा नहीं.

‘इस्तीफा दें तो बढ़िया, न दें तो और बढ़िया'(Rahul Gandhi on Gyanesh Kumar)

CWC की बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं. इनमें CEC ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग, SIR व्यवस्था को जड़ से खत्म करना और पूरे चुनाव आयोग विवाद पर पीएम नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की जवाबदेही तय करना शामिल है. राहुल ने दो टूक कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देते हैं तो अच्छा है और अगर नहीं देते हैं तो और भी बढ़िया है! हम इस मुद्दे पर सरकार और चुनाव आयोग को चैन की सांस नहीं लेने देंगे.

राहुल गांधी ने नेताओं से कहा-‘मुझ पर भरोसा रखो’

बैठक के दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी पिछली मुलाकातों का सनसनीखेज हवाला दिया. राहुल ने नेताओं से कहा कि दोनों नेताओं ने उनसे कहा था कि वे वही कर रहे हैं जो इंदिरा गांधी के समय होता था. पार्टी नेताओं से भरोसा जताने की अपील करते हुए राहुल बोले कि अगर पीएम और गृह मंत्री को भरोसा है कि सत्ता परिवर्तन के बाद मैं प्रधानमंत्री बनूंगा, तो पार्टी के नेताओं को भी मुझ पर पूरा भरोसा रखना चाहिए.

‘ईवीएम और वोटर लिस्ट में दोहरी मैच फिक्सिंग’

हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर निष्पक्षता का सबसे बड़ा सवाल दागा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में चुनाव कराने के नाम पर दो स्तरों पर ‘मैच फिक्सिंग’ चल रही है कि पहली ईवीएम (EVM) के जरिए और दूसरी वोटर लिस्ट में जानबूझकर धांधली व हेरफेर करके. राहुल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अचानक इस्तीफे का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्ता के अहंकार में बैठे लोगों को झुकाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें-कठुआ में CISF कैंप में साथी जवान ने चलाई गोली, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश

30 सितंबर को INDIA ब्लॉक की होगी बैठक

CWC की मंजूरी के बाद अब इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक ले जाने का खाका तैयार कर लिया गया है. 30 सितंबर को विपक्षी दलों के INDIA ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के कानूनी व संसदीय ड्राफ्ट पर अंतिम मुहर लगेगी. राहुल गांधी ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्ष की एक विशाल रैली आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read