Rahul Gandhi On Satara Doctor Suicide Case: महाराष्ट्र के सतारा ज़िले में एक महिला सरकारी डॉक्टर की संदिग्ध मौत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि “सिस्टम के संरक्षण में हुई हत्या” है, जो बीजेपी सरकार के “निर्दयी और असंवेदनशील” रवैये को उजागर करती है.
क्या है पूरा मामला?
यह डॉक्टर मूल रूप से बीड ज़िले की रहने वाली थीं और सतारा ज़िले के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत थीं. गुरुवार रात उनकी लाश फलटन कस्बे के एक होटल में फांसी पर लटकी मिली. उनकी हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने ने कई बार उनके साथ दुष्कर्म किया, जबकि सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया.
राहुल गांधी ने कहा- ये आत्महत्या नहीं, व्यवस्था की हत्या है
राहुल गांधी ने कहा कि सतारा की महिला डॉक्टर की आत्महत्या नहीं, बल्कि यह हमारे समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली त्रासदी है. एक होनहार डॉक्टर, जो दूसरों का दर्द मिटाने निकली थी, खुद भ्रष्ट सिस्टम और अपराधियों के जाल में फंस गई. उन्होंने आगे कहा कि जो लोग जनता की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थे, उन्होंने ही एक निर्दोष महिला के साथ सबसे घिनौना अपराध किया.
परिवार ने की फांसी की मांग
शुक्रवार रात डॉक्टर का अंतिम संस्कार बीड ज़िले के वडवानी तहसील में किया गया. परिवार का आरोप है कि डॉक्टर ने कई बार उत्पीड़न की शिकायत की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. एक रिश्तेदार ने बताया कि राजनीतिक लोग उनसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने का दबाव डालते थे। वह कई बार शिकायत कर चुकी थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: बिहार चुनाव का ‘महा-रिस्क’! ‘फ्रेश एंट्री’ में NDA से आगे महागठबंधन, PK ने तोड़ा रिकॉर्ड; क्या बदलेगा समीकरण?
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने और सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पर बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है. सब-इंस्पेक्टर गोपाल बदाने ने शनिवार शाम फलटन ग्रामीण थाने में खुद सरेंडर हुआ था. इसके पहले शनिवार सुबह पुलिस ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर को पुणे से पकड़ा था. डॉक्टर की मौत न केवल PSI गोपाल बदाने और प्रशांत बांकर जैसे आरोपियों की क्रूरता को दर्शाती है, बल्कि उन भ्रष्ट तत्वों को भी बेनकाब करती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



