Bharat Express DD Free Dish

कोटा में चोर की ‘फजीहत’, घर में घुसने के लिए एग्जॉस्ट फैन के छेद में घुसा, आधे रास्ते फंसा तो निकल गई जान

कोटा के प्रताप नगर में सूने मकान में चोरी करने आए एक युवक की किस्मत ने ऐसा धोखा दिया कि वह रसोई के छोटे से छेद में फंसकर रह गया. मकान मालिक के वापस आने पर खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे गिरफ्तार किया.

Rajasthan News, Crime News

Rajasthan News: कोटा के बोरखेड़ा इलाके से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आप अपनी हंसी भी नहीं रोक पाएंगे और साथ ही ये सोचेंगे कि किस्मत जब साथ छोड़ती है, तो कैसा नजारा होता है. दरअसल, यहां एक चोर मकान में सेंधमारी करने की कोशिश तो कर रहा था, लेकिन वह ऐसी जगह फँसा कि उसकी जान पर बन आई. अब पुलिस के साथ-साथ मोहल्ले भर में इस ‘अजीबोगरीब’ चोर के किस्से मशहूर हो रहे हैं.

एग्जॉस्ट फैन के छेद में फंसा चोर

मामला प्रताप नगर इलाके का है. मकान मालिक सुभाष अहीर अपनी पत्नी के साथ खाटू श्यामजी के दर्शन करने गए थे. जब वे 4 जनवरी की रात करीब 1 बजे घर वापस आए, तो उन्हें अंदाज़ा भी नहीं था कि अंदर कोई ‘बिन बुलाया मेहमान’ उनका इंतजार कर रहा है. जैसे ही उनकी पत्नी ने मुख्य गेट का ताला खोलकर घर में कदम रखा, उन्हें रसोई की तरफ से कुछ खटर-पटर की आवाज सुनाई दी.

जब उन्होंने गौर से देखा तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं. रसोई की दीवार पर लगे एग्जॉस्ट फैन के छोटे से छेद में एक शख्स आधा अंदर और आधा बाहर फंसा हुआ था. वह न तो अंदर आ पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था. चोर की हालत ऐसी थी कि वह सांस लेने के लिए भी छटपटा रहा था.

चोर का साथी हुआ रफूचक्कर

जानकारी के मुताबिक, दो चोर एक सफेद कार में सवार होकर इस इलाके में आए थे. उन्होंने सुभाष का घर सूना देखा और चोरी का प्लान बनाया. एक चोर बाहर पहरेदारी कर रहा था और दूसरा एग्जॉस्ट के होल के रास्ते घर में घुसने की कोशिश करने लगा. लेकिन जैसे ही सुभाष घर पहुंचे, बाहर खड़ा साथी अपनी कार लेकर चंपत हो गया और पवन वहीं फंसकर रह गया.

सुभाष ने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों को इकट्ठा कर लिया. नजारा ऐसा था कि लोग हैरान भी थे और उस चोर की बेवकूफी पर हंस भी रहे थे. तुरंत बोरखेड़ा थाना पुलिस को फोन किया गया. पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उसे भी इस शख्स को निकालने में पसीने छूट गए. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और जुगाड़ के बाद उस चोर को दीवार के छेद से बाहर निकाला जा सका.

ये भी पढ़ें- ड्रग सप्लाई चेन पर बड़ा एक्शन: ANTF और BSF के जॉइंट ऑपरेशन में बड़ी खेप पकड़ी गई

पुलिस स्टीकर वाली कार का हुआ खुलासा

पुलिस ने जब आरोपी पवन वैष्णव (25) को हिरासत में लिया, तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं. चोर जिस कार से आए थे, उस पर सफेद पर्दा लगा था और उस पर ‘पुलिस’ का स्टीकर चिपका हुआ था, ताकि नाकों पर कोई उन्हें रोके नहीं. पुलिस ने वो कार भी बरामद कर ली है. पवन कोटा के दीगोद का रहने वाला है और फिलहाल कुन्हाड़ी इलाके में रह रहा था.

एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर हो सकता है, लेकिन इस बार उसकी तरकीब उसी पर भारी पड़ गई. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि पता चल सके कि उसने शहर में और कहां-कहां हाथ साफ किया है. साथ ही उसके उस साथी की भी तलाश की जा रही है जो उसे बीच मझधार में छोड़कर भाग गया.

सुभाष अहीर इसे बाबा खाटू श्याम का चमत्कार मान रहे हैं. उनका कहना है कि अगर वे 5 मिनट भी लेट होते, तो शायद चोर अंदर घुस चुका होता. लेकिन ऊपर वाले की ऐसी कृपा हुई कि चोर खुद ही अपने जाल में फंस गया. अब यह घटना पूरे कोटा में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read