Bharat Express DD Free Dish

CII समिट 2025 में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह – “विश्व में अविश्वास का माहौल, लेकिन भारत ने भरोसे की नींव पर रचा विकास का मॉडल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने CII बिजनेस समिट 2025 में भारत के ‘विश्वास आधारित विकास मॉडल’ की प्रशंसा की, कहा— वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत ने एकजुटता और आपसी भरोसे से अभूतपूर्व प्रगति की है.

Rajnath Singh

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज CII (भारतीय उद्योग परिसंघ) वार्षिक बिजनेस समिट 2025 को संबोधित करते हुए कहा कि जहां एक ओर पूरा विश्व अनिश्चितता और संघर्षों के दौर से गुजर रहा है, वहीं भारत ने आपसी विश्वास और एकजुटता के सहारे अभूतपूर्व प्रगति की है.

राजनाथ सिंह ने कहा कि, “आज पूरे विश्व में एक तरह की अनिश्चितता का माहौल दिखाई दे रहा है. हर जगह संघर्ष की स्थिति बनी हुई है. इसके कई कारण हो सकते हैं, लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता का मूल कारण विश्वास की कमी है.”

भारत में ‘ट्रस्ट आधारित मॉडल

उन्होंने आगे कहा कि भारत ने विपरीत परिस्थितियों के बीच भी सामाजिक, क्षेत्रीय और आर्थिक वर्गों के बीच भरोसे का माहौल बनाने का प्रयास किया है, और यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि रही है.

“हमने देश के विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और आर्थिक वर्गों के बीच मजबूत भरोसे का वातावरण खड़ा करने की दिशा में लगातार कार्य किया है. इन प्रयासों के कारण हमें अभूतपूर्व सफलता मिली है.”

वैश्विक संकट और भारत की भूमिका

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि भारत ने न सिर्फ आंतरिक स्थिरता पर ध्यान दिया है, बल्कि दुनिया को भी यह संदेश दिया है कि एक लोकतांत्रिक, समावेशी और भरोसेमंद शासन व्यवस्था कैसे वैश्विक अस्थिरता के दौर में मार्गदर्शक बन सकती है.

उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को भी देश के इस विकासात्मक सफर में भागीदार बनने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया. रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया के कई हिस्से युद्ध, आर्थिक अस्थिरता और सामाजिक तनावों से जूझ रहे हैं. ऐसे में भारत का “विश्वास आधारित विकास मॉडल” एक प्रेरणा बनकर उभरता है.

ये भी पढ़ें: सिविल सेवा परीक्षा में फर्जी सर्टिफिकेट घोटाला उजागर! 11 IAS, 2 IPS, 1 IFS और 1 IRS अधिकारी जांच के घेरे में

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read