Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है. इनमें बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं. देशभर में इस बार 37 सीटों पर चुनाव प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. शरद पवार, रामदास अठावले, अभिषेक मनु सिंघवी और बाबुल सुप्रियो जैसे बड़े नाम पहले ही राज्यसभा पहुंच चुके हैं.
बिहार में पांचवीं सीट पर सस्पेंस
बिहार में JDU और BJP के चार उम्मीदवारों की जीत लगभग तय है. नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन और शिवम कुमार के नाम लगभग पक्के माने जा रहे हैं. वहीं पांचवीं सीट पर असली टक्कर है. यहां NDA के उपेंद्र कुशवाहा और महागठबंधन समर्थित एडी सिंह आमने-सामने हैं. महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं और AIMIM व BSP का समर्थन मिलने से उनकी स्थिति मजबूत दिख रही है.
NDA की रणनीति
NDA को उम्मीद है कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक क्रॉस-वोटिंग करेंगे. कांग्रेस के छह और BSP के एक विधायक पर खास नजर है. इस सीट का फैसला पूरी तरह क्रॉस-वोटिंग पर निर्भर करेगा.
ओडिशा में BJP और BJD की बराबरी
ओडिशा की चार सीटों पर भी दिलचस्प मुकाबला है. यहां BJP और BJD के बीच दो-दो सीटें बांटने की संभावना जताई जा रही है. BJP के पास 79 विधायक और तीन निर्दलीय का समर्थन है, जिससे दो सीटें लगभग तय हैं. तीसरे उम्मीदवार के लिए उसे अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी. वहीं BJD के पास 48 विधायक हैं और कांग्रेस व CPM का समर्थन मिलने से उसकी दो सीटें पक्की मानी जा रही हैं. चौथी सीट पर दिलीप रे और BJD उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला है.
हरियाणा में निर्दलीय ने बढ़ाई टक्कर
हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं. BJP के पास 48 विधायक हैं और INLD व निर्दलीय समर्थन से उसके पास 53 वोट हैं. संजय भाटिया की जीत तय मानी जा रही है. कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं और उसका प्रत्याशी करमवीर बोध भी आसानी से जीत सकता है. निर्दलीय सतीश नांदल के मैदान में उतरने से मुकाबला रोमांचक हो गया है. उन्हें जीतने के लिए नौ अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी, जो कांग्रेस के क्रॉस-वोटिंग के बिना संभव नहीं है. इसी वजह से कांग्रेस ने अपने विधायकों को शिफ्ट कर दिया है.
ये भी पढ़ें-ओडिशा के SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत, न्यायिक जांच के आदेश
कब तक आएंगे नतीजे?
बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर मतदान पूरा होने के बाद आज शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. कई सीटों पर क्रॉस-वोटिंग की संभावना के चलते अप्रत्याशित परिणाम सामने आ सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

