Rohini Acharya New Post On RJD: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से ठीक पहले पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक विस्फोटक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है. रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने भाई तेजस्वी यादव और उनके करीबी लोगों पर सीधा हमला बोलते हुए दावा किया है कि पार्टी की कमान अब ‘घुसपैठियों’ के हाथ में है.
‘लालूवाद को खत्म करने की साजिश’ (Rohini Acharya allegations On RJD)
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव की असली राजनीतिक विचारधारा और सामाजिक न्याय की लड़ाई को ध्वस्त करने की साजिश पार्टी के भीतर ही चल रही है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि आज पार्टी की असली कमान “फासीवादी विरोधियों के द्वारा भेजे गए वैसे घुसपैठियों और साजिशकर्ताओं के हाथों में है, जिन्हें लालूवाद को तहस-नहस करने के टास्क के साथ भेजा गया है”. उन्होंने चिंता जताई कि ऐसे लोग अपने गंदे मकसद में काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं.
नेतृत्व की चुप्पी पर गंभीर सवाल (Rohini Acharya latest post on RJD leadership)
पार्टी नेतृत्व (इशारों में तेजस्वी यादव और उनके सलाहकार) पर निशाना साधते हुए रोहिणी ने कहा कि नेतृत्व सवालों से भाग रहा है और तार्किक जवाब देने के बजाय भ्रम फैला रहा है. उन्होंने लिखा, “नेतृत्व को अपने गिरेबान में झांकना होगा. अगर वह चुप्पी साधे रहेगा, तो उसकी साजिशकर्ताओं के साथ मिलीभगत स्वतः ही साबित हो जाती है”. रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया कि नेतृत्व लालूवाद की बात करने वालों के साथ अभद्र और अमर्यादित व्यवहार कर रहा है.

‘सच्चे लालूवादी सवाल पूछें’ (Rohini Acharya X Post)
रोहिणी आचार्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जो भी सच में लालूवादी होगा, वह पार्टी की मौजूदा बदहाली के लिए जिम्मेदार लोगों से सवाल जरूर करेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की संदिग्ध भूमिका के खिलाफ अंजाम की परवाह किए बिना आवाज उठानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: 76वां या 77वां? 2026 में हम कौन सा गणतंत्र दिवस मना रहे हैं? यहां दूर करें कन्फ्यूजन और समझें पूरा गणित
बैठक से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
RJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले आया यह बयान पार्टी के भीतर मचे घमासान और आंतरिक खींचतान को उजागर करता है. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि पार्टी की बैठक में रोहिणी द्वारा उठाए गए इन गंभीर सवालों पर क्या चर्चा होती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





