Bharat Express DD Free Dish

तेलंगाना के भद्राद्री कोट्टागुंडम जिले में 86 माओवादियों का सामूहिक आत्मसमर्पण, आदिवासी क्षेत्रों में शांति स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक कदम

तेलंगाना के भद्राद्री कोट्टागुंडम जिले में 86 माओवादियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया. यह घटना राज्य सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों की रणनीति की बड़ी सफलता मानी जा रही है.

Telangana Maoist surrender

तेलंगाना के भद्राद्री कोट्टागुंडम जिले में शनिवार को एक ऐतिहासिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब 86 माओवादी सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. यह सामूहिक आत्मसमर्पण कोट्टागुंडम पुलिस हेडक्वार्टर में मल्टी जोन-1 के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) चंद्रशेखर रेड्डी की मौजूदगी में हुआ. यह घटना ऐसे समय में हुई जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर हैं.

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में बीजापुर और सुकमा जिलों से आए 20 महिलाएं और 66 पुरुष शामिल हैं. इन पर आदिवासी क्षेत्रों में अवैध वसूली और विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप थे. पुलिस के अनुसार, यह आत्मसमर्पण राज्य में माओवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है. पिछले चार महीनों में जिले में कुल 203 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि 66 अन्य को गिरफ्तार किया गया है.

पुनर्वास योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता

इस अवसर पर, सरकार की पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई. चार क्षेत्र समिति सदस्यों (एसीएम) को 4 लाख रुपये के चेक दिए गए, जबकि बाकी 82 व्यक्तियों को 25 हजार रुपये के चेक सौंपे गए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की दिशा में कदम उठा सकें.

आईजीपी चंद्रशेखर रेड्डी ने आत्मसमर्पण करने वालों को संबोधित करते हुए कहा, “यह आपके लिए एक नई शुरुआत है. सामान्य जीवन अपनाएं और सरकार की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाएं.” इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहित राज और अतिरिक्त एसपी शिवम उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

यह ऐतिहासिक घटना ऐसे समय में हुई है, जब केंद्र और राज्य सरकारें भारत के रेड कॉरिडोर में वामपंथी उग्रवाद से निपटने पर विशेष ध्यान दे रही हैं, और तेलंगाना इस दिशा में सकारात्मक परिणामों वाला एक प्रमुख क्षेत्र बनकर उभरा है.


ये भी पढ़ें- हमारी सरकार बनते ही मोदी सरकार के वक्फ कानून को कूड़ेदान में डाल देंगे: लालू के बेटे तेजस्वी यादव का बयान


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read