राजस्थान के उदयपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है. सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में एक युवक को कथित तौर पर समाज के कुछ लोगों ने पेड़ से उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा. इतना ही नहीं, उस पर 11 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और 11 लोगों को डिटेन कर उनके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार यह मामला 12 मई का है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है. सायरा थाना प्रभारी कानाराम सिरवी ने बताया कि कमोल गांव के रहने वाले चुनाराम गमेती पर आरोप था कि उसने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में अपने पिता के साथ मारपीट की थी.
बताया जा रहा है कि अगले दिन गांव की भील बस्ती में समाज के कुछ पंचों और लोगों की बैठक बुलाई गई. इस बैठक में शराबबंदी के सामाजिक नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए चुनाराम पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
पेड़ से उल्टा लटकाकर की गई मारपीट
आरोप है कि जुर्माना लगाने के बाद भी मामला यहीं नहीं रुका. चुनाराम का एक पैर रस्सी से बांधकर उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई. इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.
कुछ समय बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और घटना को लेकर सवाल उठने लगे कि आखिर किसी व्यक्ति को इस तरह सजा देने का अधिकार किसे है.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही उदयपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और 11 लोगों को डिटेन कर लिया. सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पूरी वारदात किन परिस्थितियों में हुई.
जांच अधिकारी वीडियो की सत्यता, मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका और पीड़ित से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गिर्वा के डीवाईएसपी गोपाल चंदेल ने इस घटना को बेहद गंभीर और अमानवीय बताया है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती. युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर मारपीट करना और उससे जुर्माना वसूलना पूरी तरह गलत है. उन्होंने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान आजाद! अब PoK की बारी, 5 बहनों के संदेश से शहबाज-मुनीर के उड़े होश
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

