Bharat Express DD Free Dish

UPSC परीक्षा पास करने वालों को पीएम मोदी ने दी बधाई, असफल अभ्यर्थियों से बोले- निराश न हों, आगे कई मौके हैं

UPSC की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और असफल उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाया

PM Modi congratulates successful candidates of upsc Exam

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद देशभर में सफल अभ्यर्थियों के बीच खुशी का माहौल है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “सिविल सेवा परीक्षा 2025 को सफलतापूर्वक पास करने वाले सभी लोगों को बधाई. उनकी लगन, और कड़ी मेहनत ने उन्हें यह बड़ा मुकाम दिलाया है. देश की सेवा करने और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के सफर पर उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”

असफल अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया

एक अन्य संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने उन अभ्यर्थियों का भी हौसला बढ़ाया, जिन्हें इस परीक्षा में मनचाही सफलता नहीं मिल सकी. उन्होंने कहा कि ऐसे समय निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण होते हैं, लेकिन इसे जीवन की लंबी यात्रा का केवल एक चरण समझना चाहिए. प्रधानमंत्री ने अभ्यर्थियों को निराश न होने और आगे भी पूरे आत्मविश्वास और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा दी.

प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा, “जिन लोगों को सिविल सर्विस एग्जाम में मनचाहा रिजल्ट नहीं मिला, मैं समझता हूं कि ऐसे पल मुश्किल हो सकते हैं, हालांकि यह एक बड़े सफर का सिर्फ एक कदम है. आगे कई मौके हैं. आने वाले एग्जाम में और उन कई तरीकों से जिनसे आप हमारे देश में योगदान दे सकते हैं. आगे के सफर के लिए मेरी शुभकामनाएं.”

तीन चरणों में होते हैं एग्जाम

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा हर वर्ष देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. इस परीक्षा का उद्देश्य भारत की उच्च सिविल सेवाओं के लिए योग्य अधिकारियों का चयन करना होता है. इसके माध्यम से इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) और इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS) समेत केंद्र सरकार की कई अन्य ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ सेवाओं के लिए नियुक्तियां की जाती हैं.

इस परीक्षा की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होती है, जिसमें सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा (प्रिलिम्स), इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा (मेन) और अंत में अभ्यर्थियों का व्यक्तित्व परीक्षण यानी इंटरव्यू शामिल होता है. इन सभी चरणों में सफल होने के बाद ही अंतिम मेरिट सूची जारी की जाती है.


ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार के 10 फैसलों ने कैसे बदली बिहार की तस्वीर, कई राज्यों ने अपनाया ‘नीतीश मॉडल’


इस वर्ष घोषित परिणामों में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है. वहीं राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से बी.कॉम. ग्रेजुएट आकांश ढुल ने तीसरा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read