Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Weather Update: नए साल के जश्न पर मौसम की मार; उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

साल 2025 का स्वागत बारिश और बर्फबारी के साथ होने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा और यूपी में बारिश की संभावना जताई है, वहीं पहाड़ों पर हिमपात से मैदानी इलाकों में पारा और गिरेगा. बिहार में 3 जनवरी तक कड़ाके की ठंड का अलर्ट है.

Weather Update, New Year 2025, IMD Alert

Weather Update: नए साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है. अगर आप पहाड़ों की सैर पर जाने का मन बना रहे हैं या उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में रहते हैं, तो अपनी जैकेट और कंबल तैयार रखिए. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, देश के बड़े हिस्से में आने वाले कुछ दिन काफी चुनौती भरे रहने वाले हैं. बर्फबारी से लेकर भारी बारिश और घने कोहरे तक, मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे.

उत्तर भारत में बारिश और कोहरे का डबल अटैक

30 दिसंबर से ही उत्तर भारत के मौसम में बड़ा फेरबदल शुरू हो गया है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा; 1 जनवरी को जब पूरी दुनिया नए साल का स्वागत कर रही होगी, तब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश रंग में भंग डाल सकती है.

वहीं, उत्तर प्रदेश के हाल पहले से ही बेहाल हैं. राज्य में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बने हुए हैं. लखनऊ से लेकर नोएडा तक घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गई है और ट्रेनों की आवाजाही पर भी बुरा असर पड़ा है. पूर्वी यूपी में तो साइबेरियाई ठंडी हवाओं ने ऐसी गलन पैदा कर दी है कि घर से निकलना मुश्किल हो गया है. प्रशासन ने लोगों को अलाव का सहारा लेने और यात्रा के दौरान बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है.

पहाड़ों पर बर्फबारी, तो मैदानों में लुढ़केगा पारा

पहाड़ों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 2 जनवरी तक जमकर बर्फबारी और बारिश के आसार हैं. यह उन पर्यटकों के लिए अच्छी खबर हो सकती है जो ‘व्हाइट न्यू ईयर’ की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह मुश्किलें बढ़ा सकता है.

तापमान के उतार-चढ़ाव ने भी विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया है. अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन उसके तुरंत बाद इसमें 4 डिग्री तक की भारी गिरावट आएगी. यानी राहत सिर्फ कुछ ही घंटों की है, उसके बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंड फिर लौटेगी.

ये भी पढ़ें- दिल्ली‑NCR में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का ट्रिपल अटैक, जनजीवन बेहाल

बिहार-झारखंड में कड़ाके की ठंड

बिहार में ठंड का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है. पटना मौसम केंद्र ने अपनी चेतावनी 3 जनवरी तक के लिए बढ़ा दी है. सीतामढ़ी, गया, बक्सर और औरंगाबाद जैसे जिलों में भीषण ठंड पड़ रही है. सीमांचल के इलाकों में पारा 3 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है. विजिबिलिटी कम रहने वाली है कि नए साल की पूर्व संध्या पर सड़कों पर गाड़ी चलाना जोखिम भरा हो सकता है. झारखंड और मध्य भारत में भी अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, लेकिन गलन बरकरार रहेगी.

पश्चिम और मध्य भारत का हाल

गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में भी अगले कुछ दिनों में ठंड अपना असर दिखाएगी. यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आने के संकेत हैं. कुल मिलाकर देखें तो अगले एक हफ्ते तक पूरे भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहेगा.
इसके अलावा मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में सलाह दी जाती है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो घने कोहरे के दौरान लंबी यात्रा से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital