Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Weather Updates: सूर्य देव का बढ़ा प्रकोप, यूपी में पारा 41 के पार, इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट, कई शहरों में हो सकती है बारिश

लखनऊ में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया है. तो वहीं मौसम विभाग ने मेघालय,असम, मणिपुर, नागालैंड सहित कई शहरों में 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की सम्भावना जताई है.

IMD issued alert

सांकेतिक फोटो-सोशल मीडिया

Weather Updates: गर्मी का मौसम चल रहा है और दिन पर दिन सूर्य देव का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और अप्रैल के महीने में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है. लखनऊ में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन दर्ज किया गया है. यहां पर दिन का तापमान 41 डिग्री और रात का पारा 26.3 डिग्री तक दर्ज किया गया. तो वहीं गुरुवार की तुलना में दिन के पारे में 1.9 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. इसी तरह से रात का पारा भी बढ़कर 3,7 डिग्री ऊपर चढ़ गया है. मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है.

भारतीय मौसम विभाग ने भारत के पूर्वी और मध्य हिस्से में मौजूद राज्यों में तेज हवाएं चलने का सम्भावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने सम्भावना जताई है कि आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाकों, सिक्किम, ओडिशा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और हवा की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटा हो सकती है. तो वहीं उत्तर प्रदेश को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर होते ही पारा चढ़ रहा है. दोपहर 12 बजे जहां पारा 39 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं एक बजे 40 डिग्री पहुंच गया और 2 बजे पारा चढ़कर 41 डिग्री पर पहुंच गया. हालांकि इस दौरान लू की रफ्तार कभी तेज तो कभी धीमी दिखाई दी. यूपी के लिए मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले तीन-चार दिनों में रात का पारा भी 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं.

ये भी पढ़ें-IRCTC 28 अप्रैल से शुरू कर रहा है अयोध्या-काशी टूर पैकेज, पढ़ें किराए से लेकर सुविधाओं तक की पूरी डिटेल

यूपी-बिहार में बने लू जैसे हालात

मौसम विभाग ने यूपी के लिए कहा कि यहां पर लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है. लखनऊ सहित राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40-41 डिग्री तक पहुंच गया है. तो वहीं बिहार की राजधानी पटना सहित कई जिलों में लू जैसे हालात हैं. मौसम विभाग ने 13 जिलों में लू का अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग ने यूपी को लेकर कहा कि अगर आंकड़ों का रिकार्ड देखा जाए तो बीते 13 वर्षों में अप्रैल में दिन का उच्चतम तापमान 2022 में 45.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था. मौसम विभाग ने ये भी कहा कि लेकिन ये आंकड़ा तब 30 अप्रैल को दर्ज किया गया था और 2019 में 44.6 डिग्री तापमान था और तब महीने का अंतिम दिन था. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य अप्रैल में बढ़ता हुआ तापमान मौसम में बदलाव का संकेत दे रहा है.

देश के इन शहरों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

स्काईमेट वेदर की मानें तो शनिवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में तूफान, बिजली और तेज हवाओं से लोग परेशान होंगे. तो वहीं इन राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने के भी आसार हैं. मौसम विभाग ने मेघालय,असम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, तेलंगाना और कर्नाटक राज्यों में 20 अप्रैल यानी आज ही 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की सम्भावना जताई है. तो वहीं यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, अरुणाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, केरल और माहे में बिजली चमकने वाली है.

यहां हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग ने जहा पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल में गर्म और ऊमस भरे मौसम की सम्भावना जताई है तो वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में रात के वक्त भी तापमान बढ़ने की सम्भावना जताई है. तो वहीं अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की सम्भावना जताई है. असम-मेघालय के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है. उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा में भी गरज चमक के साथ बिजली कड़क सकती है और तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. आईएमडी की जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital