Bharat Express DD Free Dish

राम मंदिर ट्रस्ट में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे पर गहराया विवाद, अहम बैठक में बड़ा फैसला संभव

Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे पर चर्चा तेज हो गई है. महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद हैं.

Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे ने हलचल मचा दी है. सोमवार दोपहर से शुरू हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है. महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में चल रही इस बैठक में कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद हैं.

बैठक का एजेंडा

बैठक की शुरुआत में कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने एजेंडा रखा. खास बात यह रही कि चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा बैठक में शामिल नहीं हुए. ट्रस्ट के कुछ सदस्यों ने साफ कहा था कि बैठक तभी होगी जब ये दोनों उपस्थित न हों.

SIT जांच पर भरोसा

सूत्रों के अनुसार बैठक में मौजूद सदस्यों ने SIT जांच पर विश्वास जताया है. उनका कहना है कि इस विवाद से देशभर में गलत संदेश जा रहा है और यह घटना सभी के लिए बेहद दुखद है. कई सदस्य मानते हैं कि बड़ी चूक हुई है और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए.

राय में बंटे सदस्य

ट्रस्ट के भीतर चंपत राय के इस्तीफे को लेकर मतभेद साफ दिख रहे हैं. कुछ सदस्य उनके खिलाफ हैं तो कुछ उनके पक्ष में खड़े हैं. दिनेंद्र दास लगातार बयान देते रहे हैं और उन्होंने चंपत राय का समर्थन भी किया है. वहीं वासुदेव सरस्वती, कृष्ण मोहन, गोविंद देव गिरि और महंत नृत्य गोपाल दास बैठक में मौजूद रहे.

देशभर की नजर

राम मंदिर निर्माण से जुड़े दान में गड़बड़ी के आरोपों के बीच यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है. सुरक्षा कारणों से बैठक का स्थान बदलकर राम मंदिर परिसर कर दिया गया है. पहले यह मणि रामदास छावनी में होने वाली थी. इस बैठक में इस्तीफे पर वोटिंग भी हो सकती है.

कोषाध्यक्ष का बयान

स्वामी गोविंद देव गिरि ने स्पष्ट किया कि नकद दान से जुड़े केवल दो मामलों में ही उनकी भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि अन्य किसी लेन-देन में वे शामिल नहीं थे. रविवार को प्रयागराज, हरिद्वार और पुणे से कई सदस्य अयोध्या पहुंचे. जो सदस्य व्यक्तिगत रूप से नहीं आ सके, उन्हें वीडियो लिंक भेजा गया ताकि वे ऑनलाइन अपनी राय दे सकें.

सरकार के अधिकारी भी जुड़े

सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे और यूपी गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हो सकते हैं. हालांकि राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा इस बैठक में उपस्थित नहीं होंगे.

ये भी पढ़ें-मिशन 360 पर NDA: तोड़फोड़ के बाद भी दो-तिहाई से 41 सीटें दूर; मानसून सत्र में क्या है BJP का सीक्रेट प्लान?

अध्यक्ष की नाराजगी

बैठक से पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि वह इस घटनाक्रम से बेहद आहत हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे. दास ने कहा कि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था का मामला है और इसमें किसी को निजी लाभ के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read