Bharat Express DD Free Dish

प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अविनाश गुप्ता ने किया मेडिकेंट हॉस्पिटल का दौरा, क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा, शुरू की ये पहल

अमेरिका से आए डॉ. अविनाश गुप्ता ने बोकरो में मेडिकैंट हॉस्पिटल का दौरा किया. उनकी मौजूदगी में क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चर्चा हुई, नई योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया.

Medicant Hospital & Research Centre
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

झारखंड के बोकरो में स्थित Medicant Hospital & Research Centre में अमेरिका से आए हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. अविनाश गुप्ता की मौजूदगी में चिकित्सा विज्ञान के भविष्य के विकास पर चर्चा की गई. साथ ही, सामाजिक बदलाव के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की गई. इस पहल में शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने की बात कही गई है.

डॉ. अविनाश गुप्ता, जो झारखंड के लपुंग गांव से ताल्लुक रखते हैं, ने स्थानीय चिकित्सकों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों से उबरकर भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवा संभव है. उनकी अविनाश गुप्ता फाउंडेशन पहले से ही झारखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रही है. इस दौरे में उन्होंने अस्पताल के साथ सहयोग बढ़ाने और मुफ्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना भी प्रस्तावित की.

डॉ. अविनाश गुप्ता ने अस्पताल के प्रबंधन और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर गहन चर्चा की. डॉ. गुप्ता, न्यू जर्सी के मॉनमाउथ मेडिकल सेंटर में कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख हैं. उन्‍होंने झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अपनी विशेषज्ञता जाहिर की.

मेडिकंट अस्‍पताल के महाप्रबंधक सुबीर घोष ने बताया कि, 16 जुलाई 2025 को आयोजित कार्यक्रम में एक खास पहल की गई, इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से वंचित समुदायों को सशक्त बनाना है. इस पहल के तहत कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, जो समावेशी विकास को बढ़ावा देंगी. उन्‍होंने कहा कि हमारी पहल का मुख्य फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करना है.

शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

उन्‍होंने कहा, “ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्कूलों और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विशेष बजट आवंटित किया गया है. इसके अलावा, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे. स्वास्थ्य क्षेत्र में, सस्ती चिकित्सा सुविधाएं और मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा.” उक्‍त पहल के तहत युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया गया है. कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें. छोटे और मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहन देने के लिए वित्तीय सहायता और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे.

समाज के लिए एकजुटता का आह्वान

मेडिकंट की ओर से समाज के सभी वर्गों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की गई है. यह पहल सामुदायिक भागीदारी को भी महत्व देती है. इस पहल के सफल होने से सामाजिक समानता और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read