दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति और पारिवारिक ट्रस्ट (RK Family Trust) को लेकर चल रहा हाई-प्रोफाइल कानूनी विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है. सुप्रीम कोर्ट में हुई ताजा सुनवाई के दौरान जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने स्पष्ट किया कि अब तक इस मामले में 15 बार मध्यस्थता (Mediation) की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है. अदालत ने कहा कि किसी भी पक्ष पर समझौता करने के लिए दबाव नहीं डाला जा सकता और अब मामले में गुण-दोष (Merits) के आधार पर फैसला लिया जाएगा.
संपत्ति का मूल्य और दोनों पक्षों की दलीलें
सुनवाई के दौरान रानी कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने अदालत को बताया कि उनकी मुवक्किल फैमिली ट्रस्ट में अपना हिस्सा मांग रही हैं और उन्होंने लगभग 6,000 करोड़ रुपए का दावा किया है. वहीं, दूसरे पक्ष के वकील के मुताबिक इस ट्रस्ट की कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 30,000 करोड़ रुपए है.
रानी कपूर के वकील ने कहा कि उनकी तरफ से समझौते का प्रस्ताव दिया गया था, जिसके बाद 6 महीने तक दूसरे पक्ष के जवाब या प्रति-प्रस्ताव का इंतजार किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया.
क्या है रानी कपूर की मुख्य याचिका?
रानी कपूर द्वारा दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रिया कपूर ने धोखाधड़ी से ‘आरके फैमिली ट्रस्ट’ (रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट) का गठन किया है. याचिका में निम्नलिखित मुख्य मांगें की गई हैं.
- इस ट्रस्ट को शून्य और अमान्य (Null and Void) घोषित किया जाए.
- प्रतिवादियों के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा (Permanent Injunction) जारी की जाए, ताकि वे किसी भी प्रकार से आरके फैमिली ट्रस्ट का उपयोग न कर सकें.
- ट्रस्ट की स्थापना से लेकर अब तक के संपूर्ण लेखा-जोखा (Accounts) का विवरण उपलब्ध कराया जाए.
मध्यस्थता खत्म करने की मांग
प्रिया कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने मध्यस्थता की प्रक्रिया को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को पर्याप्त अवसर मिल चुके हैं, इसलिए अब मध्यस्थता प्रक्रिया को समाप्त कर देना चाहिए.
हालांकि, कोर्ट ने कहा कि मध्यस्थ की ओर से जो रिपोर्ट सौंपी गई है, उसके अनुसार बातचीत से समाधान निकलने की गुंजाइश रही है, लेकिन अब अदालत गुण-दोष के आधार पर निर्णय करेगी. साथ ही, ट्रस्ट की संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित अर्जी पर एक तय समय-सीमा के भीतर फैसला लिया जाएगा.
पिछली सुनवाइयों की अहम बातें
सुप्रीम कोर्ट ने 7 मई को इस विवाद को मध्यस्थता के लिए भेजा था और पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) डी.वाई. चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया था. कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि मध्यस्थता केवल ‘आरके ट्रस्ट’ तक ही सीमित है और दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की वसीयत इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है.
इससे पहले की सुनवाई में जस्टिस पारदीवाला ने मामले की जटिलता पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि “हम एक ऐसे मैदान में प्रवेश कर चुके हैं, जहां महाभारत भी छोटा लगेगा.”
ये भी पढ़ें: इमरान मसूद बोले- ‘क्या हम चुनाव का मजाक बना रहे हैं?’, सपा के मेनिफेस्टो पर भी उठाए सवाल
सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह
अदालत ने परिवार के सभी सदस्यों को नसीहत दी थी कि पारिवारिक विवादों का समाधान परिवार के भीतर ही होना चाहिए और इसे दूसरों के मनोरंजन का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. कोर्ट ने सभी को मीडिया से बात करने और सोशल मीडिया पर मामले से जुड़ी जानकारी पोस्ट करने से बचने की सलाह दी थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







