Paan ka Sharbat Recipe: गर्मियों की तपिश धीरे-धीरे अपना रंग दिखाने लगी है. ऐसे में जैसे ही हम बाहर से घर आते हैं, सबसे पहले फ्रिज का दरवाजा खोलकर कोल्ड ड्रिंक की बोतल ढूंढते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस ड्रिंक को आप अपनी प्यास बुझाने के लिए पी रहे हैं, वह आपके शरीर को कितना नुकसान पहुंचा रही है? बाजार में मिलने वाली इन ड्रिंक्स में चीनी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है और साथ ही कई तरह के प्रिजर्वेटिव्स भी होते हैं, जो सेहत बिगाड़ सकते हैं.
तो फिर इसका विकल्प क्या है? इसका जवाब छिपा है हमारी भारतीय परंपरा और रसोई में. आज हम बात करेंगे ‘पान के शरबत’ की. यह न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि लू और भीषण गर्मी से बचने का एक रामबाण इलाज भी है. आइए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका.
सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है पान
अक्सर हम पान को सिर्फ खाने के बाद माउथ फ्रेशनर के तौर पर देखते हैं, लेकिन आयुर्वेद में इसके पत्तों को पेट के लिए बहुत गुणकारी बताया गया है. पान का शरबत पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और शरीर के अंदरूनी तापमान को नियंत्रित करता है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सौंफ और गुलकंद पेट में जलन और एसिडिटी की समस्या को जड़ से खत्म करने में मदद करते हैं.
तैयार कर लें ये सामग्री
घर पर ताज़ा पान शरबत बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है. बस ये कुछ चीजें अपनी रसोई से निकाल लें:
पान के पत्ते: 4-5 (ताजे और डंठल हटे हुए)
सौंफ: 2 बड़े चम्मच (इसे थोड़ी देर पानी में भिगो दें)
गुलकंद: 2-3 बड़े चम्मच (यह असली मिठास और खुशबू देगा)
हरी इलायची: 3-4 (ताजगी के लिए)
मिश्री: स्वाद के अनुसार (गर्मी में चीनी की जगह धागे वाली मिश्री का इस्तेमाल सेहतमंद रहता है)
ठंडा पानी या दूध: 2 बड़े गिलास
ये भी पढ़ें- बिना अंडा-चिकन खाए बॉडी कैसे बनाएं? रसोई में छिपे इन 5 तरीकों से खाने को बनाएं ‘प्रोटीन बम’
मिनटों में होगा तैयार
सबसे पहले पान के पत्तों को धोकर साफ कर लें और उनके छोटे टुकड़े कर लें. अब मिक्सी जार में पान के टुकड़े, भीगी हुई सौंफ, इलायची, गुलकंद और मिश्री डाल दें. थोड़ा सा पानी डालकर इसका एकदम बारीक पेस्ट बना लें. इसके बाद एक बड़े जग में दो गिलास ठंडा पानी या दूध लें. इसमें तैयार किया गया पेस्ट डालें और अच्छी तरह मिलाएं. गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और इस रिफ्रेशिंग ड्रिंक को सर्व करें. अगर आप चाहें तो ऊपर से बारीक कटे हुए सूखे मेवे या चेरी भी डाल सकते हैं.
प्रो टिप
अगर आप रोज-रोज मिक्सी नहीं चलाना चाहते, तो पान के इस पेस्ट को एक साथ बनाकर कांच की शीशी में भरकर फ्रिज में रख सकते हैं. यह हफ्ते भर तक खराब नहीं होता. जब भी कोई मेहमान आए या खुद का मन हो, बस पानी में दो चम्मच पेस्ट मिलाया और आपका शानदार ड्रिंक तैयार हो जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


