Bharat Express DD Free Dish

अब बीमार होने पर डॉक्टर या गूगल नहीं, सीधा ChatGPT करेगा इलाज में मदद, जानें इसके फायदे

दुनियाभर में हर हफ्ते करीब 23 करोड़ लोग चैटजीपीटी से सेहत से जुड़े सवाल पूछते हैं. इसी को देखते हुए OpenAI ने डॉक्टरों के साथ मिलकर ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ डिजाइन किया है. यह न सिर्फ आपकी लैब रिपोर्ट्स समझाएगा बल्कि आपकी लाइफस्टाइल के हिसाब से डाइट और वर्कआउट प्लान भी देगा.

ChatGPT Health Launch, OpenAI New Feature

ChatGPT Health Launch: आजकल हम छोटी से छोटी बीमारी के लिए सबसे पहले गूगल बाबा की शरण में जाते हैं. सिरदर्द हो या पेट में मरोड़, हम तुरंत इंटरनेट पर लक्षण ढूंढने लगते हैं. इसी आदत को देखते हुए दुनिया की सबसे मशहूर एआई कंपनी ओपन-एआई ने एक बड़ा धमाका किया है. कंपनी ने ‘चैटजीपीटी हेल्थ’ नाम का एक नया फीचर लॉन्च किया है, जो सीधे आपकी सेहत का हिसाब-किताब रखेगा.

सैम ऑल्टमैन की अगुवाई वाली इस कंपनी ने बताया कि अब चैटजीपीटी सिर्फ आपके ऑफिस के काम या होमवर्क में मदद नहीं करेगा, बल्कि यह आपके मेडिकल रिकॉर्ड्स और फिटनेस ऐप्स को भी समझ सकेगा. यानी अब आप अपने एप्पल हेल्थ या माय-फिटनेस-पाल जैसे ऐप्स को सीधे चैटजीपीटी से जोड़ पाएंगे.

क्यों पड़ी इसकी जरूरत?

ओपन-एआई ने एक दिलचस्प आंकड़ा साझा किया है. उन्होंने बताया कि हर हफ्ते करीब 23 करोड़ लोग चैटजीपीटी से अपनी सेहत और तंदुरुस्ती को लेकर सवाल पूछते हैं. लोगों की इसी जरूरत को समझते हुए कंपनी ने असली डॉक्टरों के साथ मिलकर इस खास फीचर को तैयार किया है.

इसका असली मकसद आपको डराना नहीं, बल्कि जागरूक बनाना है. अक्सर जब हम डॉक्टर के पास जाते हैं, तो समझ नहीं आता कि क्या पूछें. यह एआई फीचर आपको डॉक्टर की अपॉइंटमेंट से पहले अच्छी तरह तैयार कर देगा.

क्या-क्या कर पाएगा ‘ChatGPT Health’?

यह फीचर किसी जादू से कम नहीं लग रहा. मान लीजिए आपने लैब में खून की जांच करवाई और रिपोर्ट में कुछ ऐसे शब्द लिखे हैं जो आपको समझ नहीं आ रहे. आप बस अपनी रिपोर्ट इसमें अपलोड करें और यह उसे आसान भाषा में समझा देगा. इसके अलावा, यह आपकी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री देखकर आपको वर्कआउट और डाइट प्लान भी सजेस्ट करेगा. यहाँ तक कि यह आपके स्वास्थ्य के पैटर्न को देखते हुए यह भी बताएगा कि कौन सा इंश्योरेंस प्लान आपके लिए घाटे का सौदा है और कौन सा फायदेमंद.

ये भी पढ़ें- हड्डियों को लोहे जैसा मजबूत बना देगा सिर्फ एक चम्मच तिल, आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ने माना इसका लोहा

प्राइवेसी का क्या? क्या आपका डेटा सुरक्षित है?

जब बात बीमारियों और मेडिकल रिपोर्ट्स की आती है, तो सबसे बड़ा डर प्राइवेसी का होता है. ओपन-एआई ने भरोसा दिलाया है कि हेल्थ सेक्शन में आपकी जो भी बातचीत होगी, वह पूरी तरह सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड होगी. कंपनी ने साफ किया है कि इस डेटा का इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाएगा. यानी आपकी निजी जानकारी का इस्तेमाल कंपनी अपने फायदे के लिए नहीं करेगी. साथ ही, इसकी मेमोरी को सामान्य चैट से अलग रखा गया है, जिसे आप जब चाहें डिलीट कर सकते हैं.

फिलहाल कहां उपलब्ध है यह सुविधा?

अगर आप इसे अभी इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो बता दें कि कंपनी ने फिलहाल ‘वेटलिस्ट’ शुरू की है. यानी आपको अपनी बारी का इंतजार करना होगा. अभी मेडिकल रिकॉर्ड्स जोड़ने की सुविधा सिर्फ अमेरिका के यूजर्स को दी गई है, लेकिन जल्द ही इसे दुनिया के बाकी हिस्सों में भी शुरू किया जा सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read