मयूर कालबाग की किताब ‘अघोरी: एक अनकही कहानी’ दरअसल उनकी अंग्रेजी बेस्टसेलर Aghori: An Untold Story का हिंदी अनुवाद है. इसे पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने प्रकाशित किया है. किताब का कवर ही पाठकों को खींच लेता है. एक अघोरी साधु, भस्म से लिपटा, बिखरी जटाएं और कपाल के साथ ध्यानमग्न मुद्रा में बैठा हुआ. यह सिर्फ एक उपन्यास नहीं बल्कि आस्था, साहस, रहस्य और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम है.
कहानी का सार
कहानी का केंद्र सुब्रैया यानी सुब्बू है. उसे अघोरी साधुओं के जीवन को समझने की गहरी चाह है. उसके गुरु उसे एक अहम जिम्मेदारी देते हैं. उत्तराखंड के हिमालयी इलाकों, खासकर केदारनाथ के आसपास जाकर अघोरियों से तीन शक्तिशाली मंत्रों को आत्मसात करना और बाद में उन्हें गुरु को सौंपना.
इस सफर में सुब्बू अघोरियों के बीच समय बिताता है. वह उनकी दिनचर्या, ध्यान की विधियां, मंत्रों की ताकत और जीवन-दर्शन को करीब से देखता है. आमतौर पर अघोरियों को डरावना और समाज से अलग माना जाता है लेकिन यह किताब उन धारणाओं को तोड़ती है और एक नया नजरिया देती है. आत्मकथात्मक अंदाज़ में लिखी गई कहानी पाठक को सुब्बू के साथ यात्रा पर ले जाती है.
अघोरी परंपरा और पुस्तक का दृष्टिकोण
अघोरी शैव परंपरा की शाखा हैं, जो शिव को भैरव रूप में पूजते हैं. वे श्मशान में रहते हैं, भस्म लगाते हैं और असामान्य साधनाएं करते हैं. समाज में उनके बारे में कई गलतफहमियां हैं. मयूर कालबाग की यह किताब बताती है कि अघोरी सिर्फ डर पैदा करने वाले साधु नहीं बल्कि गहरे आध्यात्मिक साधक हैं जिनके पास अद्भुत ज्ञान और शक्तियां हैं.
किताब में मंत्रों की शक्ति, ध्यान की प्रक्रिया, हिमालय की खूबसूरती और मंदिर-गुफाओं का जीवंत चित्रण है. पाठक नदी, जंगल और केदारनाथ की यात्रा को पढ़ते हुए महसूस कर सकता है जैसे वह खुद वहां मौजूद हो.
ये भी पढ़ें-Shopian Cloudburst: कुदरत का तांडव! बादल फटने से जम्मू-कश्मीर के बदरहामा में आई बाढ़, डरा देंगी ये तस्वीरें
क्यों पढ़ें यह किताब?
‘अघोरी: एक अनकही कहानी’ उन लोगों के लिए है जो सामान्य कहानियों से आगे बढ़कर आस्था और रहस्य की गहराई में उतरना चाहते हैं. यह किताब अघोरियों की दुनिया को खोलती है और पाठक को ऐसा अनुभव देती है जो लंबे समय तक याद रहता है.
अगर आप आध्यात्मिक रोमांच की तलाश में हैं, तो यह किताब जरूर पढ़नी चाहिए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



