Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

उनकी प्रेरणा हमारा मार्गदर्शन करती है…संत गाडगे महाराज की जयंती पर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में संत गाडगे महाराज की 149वीं जयंती पर उन्हें सामाजिक न्याय और स्वच्छता का अग्रदूत बताया. उन्होंने संत गाडगे के विचारों को प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान से जोड़ा और अगले वर्ष उनकी 150वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया.

CM Yogi Adityanath

CM Yogi Adityanath

महाकुंभनगर: राष्ट्रसंत परम पूज्य गाडगे जी महाराज की 149वीं जयंती पर रविवार को महाकुंभ नगर के सेक्टर 1 स्थित गंगा पंडाल में भव्य समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत गाडगे जी को नमन करते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय के अग्रदूत थे, जिन्होंने जातिवाद, अंधविश्वास और अस्वच्छता के खिलाफ व्यापक जनजागरण कर समाज को नई दिशा दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि गाडगे जी महाराज का जीवन समाज में जागरूकता और सुधार लाने का प्रेरणास्रोत रहा है. वे जहां भी जाते, कीर्तन के माध्यम से शिक्षा और स्वच्छता का संदेश देते और अपने साथ झाड़ू रखकर स्वच्छता के प्रति जनमानस को प्रेरित करते. उन्होंने कहा कि गाडगे जी कहते थे कि ईश्वर का वास वहीं है, जहां स्वच्छता है. इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छता अभियान की शुरुआत की, जो आज वैश्विक आंदोलन बन चुका है.

स्वच्छता अभियान बना वैश्विक आंदोलन

सीएम योगी ने कहा कि संत गाडगे जी ने एक सदी पहले स्वच्छता का जो संदेश दिया था, वही आज प्रेरणा बनकर करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों घरों में शौचालय बनाए गए, जिससे नारी गरिमा की रक्षा हुई और बीमारियों से बचाव संभव हुआ. उन्होंने प्रयागराज की जनता की प्रशंसा करते हुए कहा कि महाकुंभ के आयोजन में शहर ने स्वच्छता और सुव्यवस्था की मिसाल पेश की है. उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज में जाम की स्थिति नहीं है और यहां की जनता ने महाकुंभ को अपना आयोजन मानकर अतिथि सेवा का जो भाव दिखाया है, वह सराहनीय है.

अगले वर्ष 150वीं जयंती होगी और भव्य

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अगले वर्ष संत गाडगे जी महाराज की 150वीं जयंती को और भव्य तरीके से मनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है और स्वच्छता के इस संदेश को और अधिक विस्तार देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने विधान परिषद् सदस्य सुरेन्द्र चौधरी की इस बात के लिए विशेष सराहना की कि उन्होंने संत गाडगे जी की 149वीं जयंती के अवसर पर इतना विशाल आयोजन आयोजित कराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे जी महाराज की जयंती पर आयोजित यह समारोह न केवल स्वच्छता के महत्व को दोहराने का अवसर बना है, बल्कि सामाजिक सुधारों के प्रति जनचेतना को भी प्रोत्साहित करने वाला साबित हुआ है.

समारोह में इनकी रही विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर जगद्गुरु सतुआ बाबा आश्रम के संत संतोषाचार्य जी महाराज, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, ज्वाला माता मंदिर के संत अशोक महाराज, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, विधान परिषद् सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा के कई पदाधिकारी और संत गाडगे जी महाराज के अनुयायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें: दिव्य-भव्य महाकुंभ में आकर्षण का केंद्र रहा डिजिटल एक्सपीरियेंस सेंटर, लाखों श्रद्धालुओं को आनंद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital