Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Maha Kumbh 2025: व्यापार और अर्थव्यवस्था में भारी बढ़ोतरी, होटल इंडस्ट्री को 30-40% मुनाफा

महाकुंभ के आयोजन से प्रयागराज के व्यापार और अर्थव्यवस्था में भारी बढ़ोतरी हुई है. होटल पर्यटन इंडस्ट्री हो या खान-पान के सामान, ऊनी कपड़े, कम्बल, रजाई, गद्दों के साथ इलेक्ट्रॉनिक समानों की बिक्री में भी 30 से 40% की वृद्धि हुई है.

Mahakumbh Mela

महाकुंभनगर:  प्रयागराज में महाकुंभ का दिव्य, भव्य आयोजन शुरू हो चुका है. देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु और पर्यटक प्रयागराज आ रहे हैं. पौष पूर्णिमा और मकर संक्रांति के अमृत स्नान के साथ अब तक 7 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई है. करोड़ों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने जहां एक ओर प्रयागराज का मान बढ़ाया है तो वहीं इससे शहर के व्यापार और अर्थव्यवस्था में भी भारी बढ़ोतरी हुई है. होटल पर्यटन इंडस्ट्री हो या खान-पान के सामान, ऊनी कपड़े, कम्बल, रजाई, गद्दों के साथ इलेक्ट्रॉनिक समानों की बिक्री में भी 30 से 40 फीसदी की वृद्धि हुई है.

होटल इंडस्ट्री को 30 से 40 फीसदी हो रहा मुनाफा

महाकुंभ -2025 के आयोजन को लेकर प्रयागराज के व्यापारी पूरी तरह उत्साह में हैं. हर सेक्टर में बिजनेस ग्रोथ देखने को मिल रही है. महाकुंभ को प्रारंभ हुए चार दिन ही हुए हैं और शहर के खुदरा और थोक व्यापार में दो गुने से तीन गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. महाकुंभ को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के प्रयासों से व्यापारी वर्ग प्रसन्न है. होटल इंडस्ट्री हो या खुदरा व्यापार या फिर वस्त्र उद्योग, सभी में पिछले एक सप्ताह में दोगुनी से अधिक का इजाफा देखने को मिला है.

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ प्रयागराज के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह का कहना है कि बाहर से आ रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए होटल इंडस्ट्री ने अच्छे प्रबंध किए हैं. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक होटल में बुकिंग करा रहे हैं. प्रयागराज में होटल इंडस्ट्री को 30-40% तक का मुनाफा हुआ है. आने वाले दिनों में 50% तक मुनाफे की उम्मीद होटल इंडस्ट्री को है. हरजिंदर सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह दिव्य और भव्य महाकुंभ का आयोजन किया है, ऐसा महाकुंभ प्रयागराज में पहले कभी भी नहीं हुआ

खुदरा और थोक व्यापार में दो से तीन गुना वृद्धि

जिला व्यापार संघ के महामंत्री शिव शंकर सिंह की राय भी कुछ-कुछ हरजिंदर सिंह जैसी ही है. उनका कहना है कि एफएमसीजी प्रोडक्ट्स, ऑटोमोबाइल, सीसीटीवी कैमरा, केबल और खाने-पीने के सामान की बिक्री में वृद्धि दर्ज की गई है. प्रयागराज के खुदरा व्यापार में भी लगभग 20-25% की वृद्धि मकर संक्रांति स्नान तक देखने को मिली. व्यापारियों को मौनी अमावस्या पर और अधिक बिक्री की उम्मीद है.

बिजनेस में और वृद्धि की संभावना

व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष कादिर का कहना है कि फूड आइटम, अनाज, पूजा सामग्री, कपड़े, कंबल, गद्दे से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान, टेंट के कपड़े आदि में व्यापार में दोगुना की बढ़ोतरी अब तक देखी गई है. जैसे-जैसे महाकुंभ आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे वृद्धि में और अधिक इजाफा होने की उम्मीद है. व्यापारी वर्ग योगी सरकार के प्रयासों की प्रशंसा कर रहे हैं. उनका कहना है कि बहुत ही सुव्यवस्थित तरीके से महाकुंभ का आयोजन चल रहा है. ट्रैफिक को लेकर व्यापारियों और शहरवासियों को थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन उनका कहना है कि ये श्रद्धालु और पर्यटक ही उनके व्यापार की रीढ़ हैं.

ये भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: महाकुम्भ में क्राउड मैनेजमेंट के लिए वरदान साबित हो रहा आईसीसीसी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital