Bharat Express DD Free Dish

क्या 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा? लॉर्ड्स शतक के बाद चयनकर्ताओं के लिए मुश्किल होगा फैसला

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर 138 रनों की शानदार पारी खेलकर रोहित शर्मा ने साबित कर दिया कि वे कब संन्यास लेंगे, इसका फैसला सिर्फ वही करेंगे. 2027 वर्ल्ड कप के सपने से लेकर उनकी दमदार फिटनेस तक, जानिए वे 5 वजहें जो उन्हें टीम का सबसे बड़ा पिलर बनाती हैं.

Rohit Sharma, India vs England, Cricket, Sports

Rohit Sharma Century: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 138 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर रोहित शर्मा ने एक बात तो साफ कर दी है ‘हिटमैन’ का बल्ला जब चलता है तो सारे कयास धरे के धरे रह जाते हैं. तीसरे वनडे से पहले क्रिकेट गलियारों में उनके संन्यास की अफवाहें तेजी से उड़ रही थीं. कहा जा रहा था कि शायद यह उनके करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो. लेकिन रोहित ने अपनी क्लास और इरादों से यह साबित कर दिया कि वे कब मैदान छोड़ेंगे इसका फैसला कोई और नहीं बल्कि सिर्फ वही करेंगे.

क्रिकेटर के सन्यास की खबरों के बीच अगर आप भी सोच रहे हैं कि रोहित शर्मा को आसानी से किनारे किया जा सकता है तो आइए उन 5 बड़ी वजहों पर नजर डालते हैं जो यह साफ करती हैं कि चयनकर्ताओं के लिए उन्हें संन्यास के लिए मनाना लगभग नामुमकिन जैसा ही है.

रोहित शर्मा कई बार खुले तौर पर यह बात कह चुके हैं कि 50 ओवर का विश्व कप ही असली क्रिकेट है. उनका सपना 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना और भारत को चैंपियन बनाना है. जब तक उनमें रन बनाने की भूख बाकी है वे इस सपने को बीच में छोड़कर तो बिल्कुल जाने वाले नहीं हैं.

विश्व कप की बात आते ही रोहित का बल्ला अलग ही रंग में नजर आता है. उन्होंने टूर्नामेंट के 28 मैचों में करीब 65 की धमाकेदार औसत से 1,575 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 3 फिफ्टी शामिल हैं. 2019 के वर्ल्ड कप में 5 शतक जड़कर उन्होंने जो इतिहास रचा था, उसे आज भी कोई भूल नहीं पाया है.

रोहित अब सिर्फ एक स्टार बल्लेबाज नहीं, बल्कि भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद मेंटर भी हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को दो आईसीसी ट्रॉफियां जिताई हैं. भले ही शुभमन गिल के हाथों में अब कप्तानी की कमान आ रही हो, लेकिन मैदान पर संकट के वक्त रोहित की मौजूदगी पूरी टीम का हौसला बढ़ा देती है.

एक वक्त था जब रोहित की फिटनेस को लेकर काफी तंज कसे जाते थे. लेकिन इस दिग्गज ने अपनी डाइट और वर्कआउट पर कड़ी मेहनत की. ऑस्ट्रेलिया दौरे से ठीक पहले जिस तरह से उन्होंने अपना वजन घटाया और खुद को ज्यादा लीन और फिट बनाया, उसने उनके आलोचकों का मुंह पूरी तरह बंद कर दिया.

आंकड़े कभी झूठ नहीं बोलते. 280 वनडे पारियों में 11,895 रन, 34 शतक, 62 अर्धशतक और 3 ऐतिहासिक दोहरे शतक! रोहित शर्मा का यह रिकॉर्ड खुद बयान करता है कि वे भारत के कितने बड़े मैच-विन्नर हैं. बड़े मैचों में मुश्किल परिस्थितियों से टीम को निकालने का जो हुनर रोहित के पास है, उसकी जगह भर पाना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा.

लॉर्ड्स में शतक जड़कर रोहित शर्मा ने ये साफ कर दिया है कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं. जब तक उनका बल्ला इस कदर गरज रहा है तब तक संन्यास की चर्चाएं सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहने वाली हैं.

ये भी पढ़ें- स्पेन की जीत पर मिया खलीफा की लगी बंपर लॉटरी! चंद घंटों में कमा डाले करोड़ों रुपये

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read