pashupatastra astra
Pashupatastra Astra: भारतीय धर्मग्रंथों में अनेक दिव्यास्त्रों का वर्णन मिलता है, इनमें सबसे रहस्यमयी और विनाशकारी अस्त्र माना जाता है- पाशुपतास्त्र (Pashupatastra). यह अस्त्र स्वयं भगवान शिव (Lord Shiva) का था. विद्वान कहते हैं कि इस अस्त्र के प्रयोग से पूरी सृष्टि का विनाश हो सकता है.रामायण और महाभारत दोनों ग्रंथों में इस अस्त्र का उल्लेख मिलता है. हालांकि, इसे हासिल करने वाले लोग विरले ही थे.
क्या है पाशुपतास्त्र (Pashupatastra)?
पाशुपतास्त्र भगवान शिव का दिव्य अस्त्र था. इसे पाशुपत अस्त्र भी कहा जाता है. मान्यता है कि यह अस्त्र ब्रह्मांड को भी नष्ट करने की क्षमता रखता था. इसे साधारण योद्धा नहीं चला सकता था. इसके लिए कठोर तप और शिव की कृपा जरूरी थी. धर्मग्रंथों में बताया गया है कि इस अस्त्र को मंत्र, ध्यान, दृष्टि या धनुष के माध्यम से चलाया जा सकता था. यानी यह केवल भौतिक हथियार नहीं था, बल्कि दिव्य शक्ति से संचालित होता था.
यह त्रेतायुग में किनके पास था?
रामायण महाकाव्य के अनुसार, यह अस्त्र रामायणकाल में दो मनुष्यों के पास था. पहले थे ब्रह्मर्षि विश्वामित्र. उन्हें यह अस्त्र सीधे भगवान शिव (Lord Shiva) से प्राप्त हुआ था. विश्वामित्र ने कई वर्षों तक तपस्या की थी. उनकी साधना से प्रसन्न होकर शिव ने उन्हें अनेक दिव्यास्त्र दिए, जिनमें पाशुपतास्त्र भी शामिल था.
दूसरे थे श्रीराम, जो कि स्वयं भगवान के मानव अवतार थे. जब श्रीराम किशोरावस्था में महर्षि विश्वामित्र के साथ वन गए थे, तब ऋषि ने उन्हें कई दिव्यास्त्रों की विद्या दी. माना जाता है कि पाशुपतास्त्र (Pashupatastra) की जानकारी भी उन्हें वहीं मिली. हालांकि श्रीराम ने इसका प्रयोग युद्ध में कभी मनुष्यों पर नहीं किया.
यह भी पढ़ें: क्या आपने सुना है? यहां सचमुच बीमार हो गए हैं भगवान जगन्नाथ स्वामी, जानें क्या है पूरी कहानी
महाभारत-काल में अर्जुन को कैसे मिला?
कहा जाता है कि महाभारत-काल में केवल एक योद्धा को पाशुपतास्त्र मिला और वह थे- अर्जुन. वनवास के दौरान अर्जुन ने हिमालय में कठोर तप किया. वे शिव को प्रसन्न करना चाहते थे ताकि दिव्य अस्त्र प्राप्त कर सकें. कथा के अनुसार शिव ने किरात यानी शिकारी का रूप धारण कर अर्जुन की परीक्षा ली. दोनों के बीच भयंकर युद्ध हुआ. जब अर्जुन ने हार नहीं मानी, तब शिवजी अपने वास्तविक रूप में प्रकट हुए और उन्हें पाशुपतास्त्र प्रदान किया.
कहा जाता है कि शिवजी (Lord Shiva) ने अर्जुन से स्पष्ट कहा था कि यह अस्त्र अत्यंत विनाशकारी है और इसका प्रयोग सोच-समझकर, और ऐसे समय में करना, जब सामने वाले पर कोई बस न चल रहा हो. वरना यह अस्त्र संसार को समाप्त कर डालेगा.
कितना भयंकर था शिवजी का यह अस्त्र?
धर्मग्रंथों में वर्णन है कि पाशुपतास्त्र (Pashupatastra) पूरे लोकों को नष्ट करने की क्षमता रखता था. यदि इसे पृथ्वी पर चलाया जाता तो भारी विनाश होता. इसलिए इसे अंतिम विकल्प माना जाता था. कुछ कथाओं में उल्लेख मिलता है कि अर्जुन ने इसका प्रयोग पृथ्वी पर नहीं किया. बल्कि किसी अन्य लोक में दैत्य और दानवों के संहार के लिए इसका उपयोग किया. हालांकि महाभारत के मुख्य युद्ध में यह अस्त्र प्रयोग नहीं हुआ.
यह भी कहा जाता है कि द्रोणाचार्य के पास जो अस्त्र था, वह अर्जुन वाले अस्त्र से अलग था. शिव ने अर्जुन को जो अस्त्र दिया था, वह सबसे श्रेष्ठ और गुप्त था. यहां तक कि देवता भी उसकी पूरी विधि नहीं जानते थे.
कुरुक्षेत्र में क्यों नहीं हुआ इसका प्रयोग?
महाभारत युद्ध में कई दिव्यास्त्र चले, जैसे ब्रह्मास्त्र. लेकिन पाशुपतास्त्र का प्रयोग नहीं किया गया. इसकी एक वजह यह थी कि इसका प्रभाव अनियंत्रित हो सकता था. इससे निर्दोष लोगों और प्रकृति को भारी नुकसान हो सकता था. इसीलिए इसे केवल आपात स्थिति के लिए सुरक्षित रखा गया. अर्जुन जैसे धर्मनिष्ठ योद्धा को ही यह जिम्मेदारी दी गई थी.
यह सृष्टि का सबसे विनाशकारी अस्त्र था?
धर्मग्रंथों के अनुसार पाशुपतास्त्र (Pashupatastra) को सबसे शक्तिशाली अस्त्रों में गिना जाता है. इसकी तुलना ब्रह्मास्त्र से भी की जाती है. लेकिन कई कथाओं में इसे ब्रह्मास्त्र से भी अधिक घातक बताया गया है. इसे पाने के लिए केवल शौर्य नहीं, बल्कि तप, संयम और भक्ति की भी आवश्यकता थी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




