IND vs ZIM Live Streaming: भारतीय क्रिकेट टीम 23 जुलाई से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत करने जा रही है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले पहले टी20 के साथ ही टीम इंडिया एक नए दौर में कदम रखेगी जिसकी कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी. क्रिकेट फैंस के लिए ध्यान देने वाली बात यह है कि इस बार मैच देखने के लिए आपको अपने टीवी का चैनल और मोबाइल की स्ट्रीमिंग ऐप बदलनी होगी. इंग्लैंड दौरे की तुलना में इस सीरीज का ब्रॉडकास्ट पार्टनर पूरी तरह अलग है, साथ ही मैचों की टाइमिंग भी अलग रहने वाली है.
बदल जाएगा मैच देखने का प्लेटफॉर्म
इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई सीरीज का प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और ओटीटी पर डिज्नी+ हॉटस्टार पर किया गया था. लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ इस सीरीज का मजा लेने के लिए फैंस को नए प्लेटफॉर्म पर जाना होगा.
मोबाइल और लैपटॉप पर मैच देखने वाले फैंस इस पूरी सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे. वहीं टीवी दर्शकों के लिए मैचों का सीधा प्रसारण Unite8 Sports नेटवर्क पर किया जाएगा. डीडी फ्री डिश इस्तेमाल करने वाले दर्शकों के लिए खुशखबरी यह है कि वे DD Sports चैनल पर मुकाबलों का लुत्फ उठा सकते हैं. सीरीज के सभी टी20 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे.
युवाओं के पास चमकने का सुनहरा मौका
टीम इंडिया में इस बार कई नए और युवा चेहरों को मौका दिया गया है. रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी से टीम संतुलित दिख रही है. वहीं प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और हर्ष दुबे जैसे युवा खिलाड़ियों के पास अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का बेहतरीन अवसर है.
इसके साथ ही श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज व्यक्तिगत तौर पर काफी अहम मानी जा रही है. बतौर कप्तान शुरुआती सात टी20 इंटरनेशनल मैचों में से उन्हें सिर्फ एक में जीत मिली है जबकि छह मैचों में हार का स्वाद चखना पड़ा है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ झटके झेलने के बाद अब अय्यर की कोशिश जिम्बाब्वे को हराकर अपनी कप्तानी के आंकड़ों में सुधार करने की होगी.
ये भी पढ़ें- इंग्लैंड से हार के बाद क्रिकेटरों की फिटनेस पर उठे सवाल: क्या BCCI का CoE खिलाड़ियों को फिट रखने में हो रहा है नाकाम?
दोनों टीमों के स्क्वॉड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अशोक शर्मा, रवि बिश्नोई, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह.
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तादिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाबदज़ा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामहुरी, मिल्टन शुम्बा, तफदजवा त्सिगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




