Bharat Express DD Free Dish

National Sports Day: राष्ट्रीय खेल दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने की युवाओं को मेजर ध्यानचंद से प्रेरणा लेने की अपील

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- अपनी अद्भुत और असाधारण प्रतिभा से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं समस्त देशवासियों को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएँ.

Major Dhyan Chand National Sports Day bharat express
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

दिग्गज हॉकी की खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जा रही है. इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए देशवासियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई दी है. खेल मंत्री मांडविया ने इस अवसर पर देशवासियों से खुद को फिट रखने के लिए सप्ताह में कम से कम एक घंटा किसी खेल को देने की अपील की.

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “अपनी अद्भुत और असाधारण प्रतिभा से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं समस्त देशवासियों को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं. मेजर ध्यानचंद का कौशल ऐसा था कि पूरी दुनिया उनकी हॉकी की कायल थी और जज्बा ऐसा कि गुलामी के कालखंड में भी उन्होंने अपने खेल से भारत का गौरव बढ़ाया. उनका अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय खेल जगत की अमूल्य विरासत है, जो खिलाड़ियों व युवाओं को सदैव प्रेरणा देती रहेगी.”

खेल मंत्री बोले- फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाएंगे

वहीं, खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज मेजर ध्यानचंद की 121वीं जन्म जंयती है. उनकी जन्म जंयती को हम राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाते हैं. इस अवसर पर पूरे देश में फिट इंडिया अभियान को आगे बढाने के लिए एक घंटे खेल के मैदान में कार्यक्रम होगा. देश के युवा लाखों की संख्या में अपने-अपने नजदीकी मैदान में गए हैं और खेल से जुड़ी गतिविधियां कर रहे हैं.”

उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है. देश आगे बढ़ रहा है. देश का निर्माण हो रहा है. भारत के निर्माण में देश का युवा फिट हो, समाज फिट हो तभी राष्ट्र समृद्ध बनेगा. हमें हर सप्ताह एक घंटे खुद को मैदान में रखना चाहिए और खुद को फिट रखने की कोशिश करना चाहिए.”



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read