Bharat Express DD Free Dish

Women’s Asia Cup 2026: भारत-पाकिस्तान महामुकाबला आज, जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी हरमनप्रीत की सेना

महिला एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आमने-सामने होंगी. भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और आज जीत की हैट्रिक के इरादे से उतरेगी.

Women's Asia Cup 2026

महिला एशिया कप 2026

Women’s Asia Cup 2026 में आज यानी शनिवार, 5 सितंबर को क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा और रोमांचक मुकाबला खेला जाना है. चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें आज आमने-सामने होंगी. कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में अपनी मजबूत जगह पक्की कर चुकी है, और आज के मैच में वह जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है.

कैसा रहेगा दुबई की पिच का मिजाज

यह हाई-वोल्टेज मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान की पिच आमतौर पर अपनी धीमी रफ्तार के लिए जानी जाती है. मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका जरूर मिलता है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पिच और धीमी होती जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को जबरदस्त टर्न और ग्रिप मिलने लगती है.

दुबई की इस स्लो पिच पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना किसी चुनौती से कम नहीं होता. यही वजह है कि मौजूदा एशिया कप में अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में से 6 मैचों में टॉस जीतने वाली टीमों ने पहले गेंदबाजी करने का ही फैसला किया है. ऐसे में आज भी टॉस जीतने वाली कप्तान पहले गेंदबाजी करना ही पसंद कर सकती है.

दोनों टीमों का पलड़ा कितना भारी?

महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 17 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें से भारतीय टीम ने 14 मैचों में शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा पूरी तरह कायम रखा है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में ही सफलता मिली है. महिला टी20 एशिया कप की बात करें तो पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2022 में हराया था, जिसके बाद से टीम इंडिया का पलड़ा हमेशा भारी रहा है.

ये भी पढ़ें- दादा से लेकर पोते तक एक साथ मैदान में! जानिए ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन की खास बातें

दोनों टीमों का स्क्वाड

भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, गुनालन कमलिनी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव.

पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, अयमान फातिमा, तूबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीना, मोमिना रियासत, ईमान नसीर और वहीदा अख्तर.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read