Bharat Express DD Free Dish

Yashasvi Jaiswal ने रचा नया कीर्तिमान, सचिन तेंदुलकर का 50 पारियों का रिकॉर्ड भी छोड़ा पीछे

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में भले ही यशस्वी जायसवाल सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए हों, लेकिन इस छोटे से स्कोर ने उन्हें इतिहास की खास सूची में पहुंचा दिया.

Yashasvi Jaiswal, Sachin Tendulkar, Cricket

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों की बात हो और Yashasvi Jaiswal का नाम न आए, ऐसा अब मुश्किल है. भले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में उनका बल्ला ज्यादा देर न चला हो, लेकिन अपने छोटे से स्कोर के बावजूद उन्होंने इतिहास के पन्नों में एक बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.

पश्चिम इंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले यशस्वी, दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज़ी के सामने पहली ही पारी में 12 रन बनाकर आउट हो गए. 27 गेंद की अपनी छोटी पारी में उन्होंने तीन चौके जरूर लगाए, लेकिन ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए. इसके बावजूद उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक अहम रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया.

यशस्वी जायसवाल अब उन भारतीय बल्लेबाज़ों की सूची में सचिन से आगे हो गए हैं, जिन्होंने शुरुआती 50 टेस्ट इनिंग्स में सबसे ज्यादा रन बनाए हों. यशस्वी के नाम 50 इनिंग्स के बाद कुल 2,450 रन हो चुके हैं, जबकि इसी चरण पर सचिन तेंदुलकर के 2,415 रन थे. यही नहीं, सचिन के करियर का अंत 15,921 रन के साथ हुआ था, जो आज भी विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा कीर्तिमान है.

गंभीर और द्रविड़ भी इस सूची में

इस खास लिस्ट में सबसे ऊपर गौतम गंभीर का नाम आता है, जिन्होंने अपनी शुरुआती 50 टेस्ट इनिंग्स में 2,692 रन बनाए थे. उनके बाद राहुल द्रविड़ का नंबर आता है, जो 50 इनिंग्स तक 2,540 रन बना चुके थे. द्रविड़ ने 13,288 रन बनाकर टेस्ट इतिहास में अपनी मजबूत जगह कायम की. गंभीर ने अपने करियर में कुल 58 टेस्ट मैच खेलकर 4,154 रन बनाए थे.

ईडन गार्डन्स टेस्ट का पहला दिन

कोलकाता टेस्ट का पहला दिन खराब रोशनी की वजह से जल्दी खत्म कर देना पड़ा. भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 37/1 का स्कोर बनाया था. केएल राहुल 59 गेंदों पर 13 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 38 गेंदों पर 6 रन बनाकर नॉट आउट लौटे. टेस्ट में नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करना सुंदर के लिए एक नया अनुभव है.

ये भी पढ़ें- कोलकाता टेस्ट में भारत को बड़ा झटका, कप्तान शुभमन गिल नेक इंजरी के कारण ICU में भर्ती

बुमराह का जलवा, पांच विकेट झटके

गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने शुरुआत से ही दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बना दिया. उन्होंने पहले ही दिन 5 विकेट चटकाए और मेहमान टीम की कमर तोड़ दी. बुमराह ने एडन मार्कराम, रयान रिकेल्टन, टोनी डि ज़ोरज़ी, साइमन हार्मर और केशव महाराज को पवेलियन भेजा.

मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट लिए, जबकि भारतीय स्पिनरों ने 3 विकेट अपने नाम किए. भारत ने इस मैच के लिए चार स्पिनरों को प्लेइंग-XI में शामिल किया है. भारत की नजर अब मैच के दूसरे दिन बड़ी साझेदारी करने पर होगी, वहीं यशस्वी जायसवाल की कोशिश रहेगी कि दूसरी पारी में वह अपनी पहचान वाली पारी खेल सकें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read