Bharat Express DD Free Dish

सपनों के आशियाने के लिए पीएफ से निकालें पैसा: बदल गए EPF निकासी के नियम

EPF Scheme 2026 के नए नियमों के तहत अब मात्र 12 महीने की नौकरी के बाद घर खरीदने, बनाने या रिनोवेशन के लिए पीएफ से पैसा निकाला जा सकता है.

EPF Withdrawal Rules 2026 How Much PF Money Can You Withdraw for Home

EPFO का बड़ा तोहफा (AI IMAGE)

EPF Withdrawal Rules 2026: अपने सपनों का घर बनाना हो या होम लोन का बोझ कम करना हो, आपकी मेहनत की कमाई का पीएफ (EPF) फंड अब आपके बड़े काम आ सकता है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने ईपीएफ स्कीम 2026 के तहत आंशिक निकासी के नियमों को पहले से कहीं ज्यादा आसान और पारदर्शी बना दिया है. नए नियमों के लागू होने के बाद अब कर्मचारी घर खरीदने, जमीन लेने, मकान बनाने या उसकी मरम्मत कराने के लिए आसानी से फंड निकाल सकते हैं.

सिर्फ 12 महीने की नौकरी जरूरी

पुराने समय की तरह अब कर्मचारियों को हाउसिंग जरूरतों के लिए पीएफ निकालने हेतु वर्षों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. नए नियमों के मुताबिक, अगर आपकी कुल ईपीएफ सदस्यता को कम से कम 12 महीने पूरे हो चुके हैं, तो आप इस सुविधा के हकदार बन जाते हैं. इस कैटेगरी के तहत आप पूरी सर्विस के दौरान अधिकतम 5 बार तक पैसे की निकासी कर सकते हैं.

कितना मिलेगा पैसा?

निकासी की रकम तय करने का फॉर्मूला अब काफी बदल गया है. पहले जहां सैलरी के हिसाब से गणना होती थी, वहीं अब आपके पीएफ खाते में जमा ‘एलिजिबल मेंबर बैलेंस’ को आधार बनाया गया है. नए नियम के तहत आप अपने कुल पात्र बैलेंस का 100% तक क्लेम कर सकते हैं, लेकिन शर्त यह है कि खाते में न्यूनतम 25% बैलेंस बनाए रखना अनिवार्य है.

सीधे शब्दों में कहें तो आप अपने जमा पीएफ बैलेंस का प्रभावी रूप से 75% हिस्सा निकाल सकते हैं और बाकी 25% रकम आपकी रिटायरमेंट सुरक्षा के लिए खाते में सुरक्षित रहेगी. उदाहरण के तौर पर, अगर आपके खाते में 10 लाख रुपये हैं, तो आप 7.50 लाख रुपये तक की निकासी कर सकते हैं.

पति-पत्नी दोनों उठा सकते हैं फायदा

अगर किसी घर में पति और पत्नी दोनों नौकरीपेशा हैं और अलग-अलग ईपीएफ सदस्य हैं, तो वे एक ही घर या संपत्ति के लिए अपने-अपने पीएफ अकाउंट से नियमानुसार क्लेम कर सकते हैं. हालांकि, क्लेम अटकने से बचाने के लिए आपका UAN नंबर सक्रिय होना चाहिए और बैंक खाते के साथ KYC पूरी तरह अपडेट रहनी चाहिए.

यह भी पढ़ें: नोटबंदी से लेकर बड़े आर्थिक संकट तक..भारतीय बैंकिंग के वो बड़े मौके, जब रद्द करनी पड़ी संडे की छुट्टी?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read