Kia Seltos
भारतीय मिडसाइज एसयूवी बाजार में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली किआ सेल्टॉस अब नए अवतार में ग्राहकों के सामने आई है. किआ इंडिया (Kia India) ने सेल्टॉस के लाइनअप का विस्तार करते हुए दो नए टॉप-स्पेक वेरिएंट जीटीएक्स (O) और एक्स-लाइन (O) लॉन्च किए हैं. इन वेरिएंट्स में पहले से ज्यादा प्रीमियम फीचर्स और एडवांस टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे ग्राहकों को और बेहतर ड्राइविंग अनुभव मिलेगा. कंपनी को उम्मीद है कि नए मॉडल्स की लॉन्चिंग से सेल्टॉस की बाजार में मांग और बिक्री दोनों को मजबूती मिलेगी.
इतनी है कीमत
किआ इंडिया ने सेल्टॉस के नए जीटीएक्स (O) और एक्स-लाइन (O) वेरिएंट्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 21.57 लाख रुपये रखी है. दोनों वेरिएंट टर्बो पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्पों में उपलब्ध हैं. अगर फीचर्स की बात करें तो इनमें विंडस्क्रीन पर जरूरी ड्राइविंग जानकारी दिखाने वाला हेड्स-अप डिस्प्ले (HUD) दिया गया है. साथ ही AQI डिस्प्ले वाला स्मार्ट एयर प्यूरिफायर और फ्रंट व रियर दोनों तरफ की रिकॉर्डिंग करने वाला डुअल-चैनल स्मार्ट डैशकैम भी मिलता है.
इसके अलावा कार में क्षेत्रीय भाषाओं के सपोर्ट के साथ वॉयस कमांड, इनबिल्ट नेविगेशन और एडवांस ADAS F+ सेफ्टी पैकेज दिया गया है. इस पैकेज में कुल 28 ऑटोनॉमस ड्राइविंग और ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स शामिल हैं, जो सुरक्षा और ड्राइविंग अनुभव को पहले से बेहतर बनाते हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
नई सेल्टॉस GTX (O) और X-Line (O) वेरिएंट्स केवल ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध हैं. इनमें 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 160 एचपी की पावर पैदा करता है. वहीं, 1.5-लीटर डीजल इंजन 116 एचपी का आउटपुट देता है.
ये भी पढ़ें: बाय-बाय पेट्रोल-डीजल! दिल्ली सरकार की नई EV पॉलिसी से जुड़ी 5 बड़ी बातें जो आपको जाननी चाहिए
टर्बो पेट्रोल मॉडल में 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) गियरबॉक्स मिलता है, जबकि डीजल वर्जन में 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है. लुक की बात करें तो X-Line (O) में एक्सक्लूसिव मैट ग्रेफाइट एक्सटीरियर, ब्लैक-ग्रीन इंटीरियर थीम, ब्लैक-आउट एक्सटीरियर एलिमेंट्स और 18-इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. माइलेज की बात करें तो यह एसयूवी वेरिएंट के अनुसार 15.6 से 19.4 किमी प्रति लीटर तक का दावा करती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



