How to Identify Fake Website: आज के दौर में सुबह की चाय से लेकर रात के डिनर तक, और बैंक के कामकाज से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तक, सब कुछ ऑनलाइन हो चुका है. इंटरनेट ने हमारी जिंदगी को जितना आसान बनाया है, उतना ही शातिर साइबर ठगों के लिए नए रास्ते भी खोल दिए हैं. आजकल ठगी का एक नया और सबसे खतरनाक ट्रेंड चल रहा है फर्जी वेबसाइट. ठग बिल्कुल असली जैसी दिखने वाली हूबहू नकली वेबसाइट तैयार करते हैं और जरा सी चूक होते ही आपका पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल्स और पर्सनल डेटा चुराकर बैंक खाता साफ कर देते हैं.
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकारी संस्था PIB (प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो) के फैक्ट चेक विंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर कुछ बेहद जरूरी टिप्स शेयर किए हैं. इन आसान तरीकों को अपनाकर आप किसी भी फर्जी वेबसाइट की पोल खोल सकते हैं.
लिंक पर क्लिक करने से पहले URL का खेल समझें
किसी भी वेबसाइट पर जाते ही सबसे पहले उसके एड्रेस बार (URL) को गौर से देखें. सुरक्षित और असली वेबसाइट की शुरुआत हमेशा https:// से होती है. अगर वहां सिर्फ http:// लिखा है यानी ‘s’ गायब है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. इसके अलावा ठग अक्सर नामी कंपनियों या सरकारी विभागों के नाम की गलत स्पेलिंग जैसे Google की जगह GoogIe या Amazon की जगह Amaz0n का इस्तेमाल करते हैं. पहली नजर में यह अंतर समझ नहीं आता इसलिए स्पेलिंग को ध्यान से पढ़ें.
ये भी पढ़ें- टेलीग्राम और सरकार के बीच तनातनी जारी; ऐप को मिला 15 दिनों का अल्टीमेटम, जानें क्या है मामला?
इन 4 इशारों को कभी न करें नजरअंदाज
ताले का निशान: सुरक्षित वेबसाइट के एड्रेस बार में हमेशा एक छोटा सा ताले का आइकन दिखाई देता है. अगर यह ताला खुला है या लाल निशान दिख रहा है, तो वहां अपनी कोई भी जानकारी न डालें.
अजीबोगरीब पॉप-अप और दबाव: अगर कोई वेबसाइट खोलते ही आपके सामने बार-बार पॉप-अप विज्ञापन आ रहे हैं या आपको किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, तो समझ जाएं कि दाल में कुछ काला है.
कांटेक्ट और अबाउट पेज की पड़ताल: किसी भी अनजान साइट के ‘Contact Us’ और ‘About Us’ सेक्शन में जाकर उनका फोन नंबर, ईमेल और पता जरूर चेक करें. फर्जी वेबसाइट्स पर अक्सर यह जानकारियां गायब होती हैं या गलत होती हैं.
फ्री और बंपर डिस्काउंट वाले लालच: इंटरनेट पर मुफ्त गिफ्ट, एक क्लिक में सरकारी नौकरी का दावा या कौड़ियों के भाव में महंगे स्मार्टफोन बेचने वाले ऑफर्स 99% फर्जी होते हैं. यह आपको फंसाने के लिए बिछाया गया जाल होता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

