Aligarh Investment Scam
Aligarh Investment Scam: अलीगढ़ में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के सैकड़ों कर्मचारियों के साथ बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि 300 से 400 कर्मचारियों को बेहतर मुनाफे का लालच देकर करीब 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की गई. इस पूरे मामले ने विश्वविद्यालय और शहर में हड़कंप मचा दिया है.
पीड़ित कर्मचारियों की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं. आरोप है कि साईना फाइनेंशियल एडवाइजर, साईन हॉलीडे और साईना इन्वेस्टमेंट नाम की कंपनियों के जरिए लोगों से निवेश के नाम पर पैसे लिए गए और बाद में कंपनी संचालक फरार हो गए.
बताया जा रहा है कि इन कंपनियों का संचालन लैंडमार्क मॉल, मैरिस रोड स्थित एक दफ्तर से किया जा रहा था. आरोपियों के नाम मोहम्मद जुनैद, अहमद और दीपक कुमार बताए गए हैं. अधिवक्ता और समाजसेवी साजिद अली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी जुनैद और दीपक देश छोड़कर फरार हो चुके हैं.
एक पीड़ित के साथ 28 लाख की ठगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस सिविल लाइन क्षेत्र के हैबिटेट सेंटर स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित की गई, जहां पीड़ितों ने अपनी आपबीती साझा की. पीड़ित असर अली खान ने बताया कि उन्होंने करीब 28 लाख रुपये निवेश किए थे. उन्हें रियल एस्टेट के नाम पर डुप्लेक्स देने का वादा किया गया था. उन्होंने साढ़े 13 लाख रुपये चेक के जरिए और बाकी रकम नकद दी, लेकिन अब तक उन्हें न तो कोई प्रॉपर्टी मिली और न ही पैसा वापस हुआ.
अलग-अलग स्कीमों का झांसा देकर की ठगी
पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने अलग-अलग लोगों को अलग-अलग स्कीमों-जैसे रियल एस्टेट, बिटकॉइन और दवा कारोबार का झांसा देकर निवेश कराया. शुरुआत में कुछ लोगों को रिटर्न देकर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में बड़ी रकम लेकर आरोपी गायब हो गए.
ये भी पढ़ें- बिहार में मंत्रीमंडल विस्तार: JDU के 16 मंत्री, बीजेपी के कितने? प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक कर गिनवाए सारे नाम!
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं पीड़ित कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






