UP News: अलीगढ़ जिले में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. इस एनकाउंटर में दो बदमाश मारे गए जबकि दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए.
महिलाओं से लूट करने वाले बदमाश
पिछले कई दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों पर काम कर रही महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था. तमंचे के बल पर उनके जेवरात लूटने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार सक्रिय थी.
आम के बाग में हुई मुठभेड़
थाना अतरौली क्षेत्र के मढौली गांव में स्थित आम के बाग में पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया. हापुड़ निवासी रज़ा मोहम्मद और बुलंदशहर निवासी मुबीन ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बदमाशों पर दर्ज थे कई मुकदमे
रज़ा मोहम्मद पर 40 से अधिक मामले दर्ज थे जिनमें गैंगस्टर एक्ट और लूट के कई मुकदमे शामिल थे. वहीं मुबीन पर 27 केस दर्ज थे जिनमें 18 लूट से जुड़े थे. दोनों पर एसएसपी ने 25-25 हजार और डीआईजी ने 50-50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था.
पुलिसकर्मी भी घायल
इस मुठभेड़ में दो सिपाही भी बदमाशों की गोली से घायल हुए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस की कार्रवाई और बयान
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि बीते एक हफ्ते में इन बदमाशों ने महिलाओं से लूट की एक दर्जन से ज्यादा घटनाओं को अंजाम दिया था. आज भी गोंडा खैर इलाके में लूट करने के बाद ये भाग रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू की और अतरौली क्षेत्र में इन्हें घेर लिया. सरेंडर की चेतावनी देने के बावजूद बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.
ये भी पढ़ें-सिंगरौली में तोड़ी गई मंगल पांडे की प्रतिमा, गांव में गुस्से की लहर
जनता में राहत
इन दोनों कुख्यात बदमाशों के मारे जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. लगातार लूट की घटनाओं से परेशान लोग अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



